अपनी शादी के लिए दुल्हन देखने जा रहे युवक को उसकी भाभी ने रास्ते में रोक लिया। महिला ने देवर से साफ कहा कि उसके रहते वह शादी नहीं कर सकता। देखते ही देखते मामला हाईवे पर हंगामे में बदल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर घर भेज दिया।
हमीरपुर के भरुआ सुमेरपुर कस्बे में सब्जी मंडी चौराहे के पास यह मामला सामने आया। कानपुर देहात निवासी युवक अपने बड़े भाई और पिता के साथ शादी के लिए लड़की देखने जा रहा था। इसकी जानकारी उसकी भाभी को हुई तो वह भी पीछे-पीछे पहुंच गई। महिला ने पति, ससुर और देवर को हाईवे किनारे रोक लिया और देवर की शादी का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। भाभी ने देवर को शादी से रोका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला देवर से कह रही थी कि उसके रहते वह शादी नहीं कर सकता। मामला बढ़ने पर सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई। युवक के पिता ने स्थिति बिगड़ती देख सभी को लेकर थाने पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी।
पुलिस ने भाभी और देवर को समझाने का प्रयास किया। पूछताछ में सामने आया कि महिला देवर पर उसके साथ रहने का दबाव बना रही थी। पुलिस ने दोनों पक्षों को पहले आपसी सहमति बनाने की हिदायत दी। पुलिस ने समझाकर भेजा घर
एसआई कमलापति त्रिपाठी ने बताया कि भाभी-देवर के बीच शादी को लेकर विवाद हुआ था। दोनों को समझाकर आपस में सुलह करने की हिदायत दी गई है। इसके बाद सभी को घर भेज दिया गया। पुलिस ने कहा कि आपसी सहमति बनने के बाद ही शादी की आगे की कार्रवाई की जाए। बताया कि अभी तक किसी भी प्रकार की कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।