हमीरपुर : रामलीला मेले के पास ट्रांसफार्मर में लगी भीषण आग, चार दुकानें जलकर राख – लाखों का नुकसान

SHARE:

राठ (हमीरपुर)। नगर के रामलीला मैदान में आयोजित रामलीला मेला क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब पास में रखे विद्युत ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और लपटें ज्वालामुखी की तरह उठने लगीं।

ट्रांसफार्मर से लगी इस आग ने मेला परिसर में लगी चार दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेज थी कि दुकानों में रखा सारा सामान और नगदी देखते ही देखते जलकर राख हो गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

स्थानीय लोगों ने आग की घटना पर आक्रोश जताते हुए रामलीला मेले की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना सुबह करीब 6 बजे की है। आग लगते ही मेले में अफरा-तफरी मच गई। चरखारी से आए दुकानदार राकेश गुप्ता की स्टील और प्लास्टिक की दुकान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई। राकेश गुप्ता ने बताया कि दुकान में रखा छोटा सिलेंडर ब्लास्ट हो गया और लगभग 90,000 रुपये की नगदी व तीन मोबाइल फोन जलकर खाक हो गए। उन्होंने कुल नुकसान करीब 10 लाख रुपये बताया।

वहीं राठ कस्बे के जुल्हैटी निवासी बबलू पेंटर की फ्लावर की दुकान भी आग की चपेट में आ गई, जिससे उन्हें करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ। इसके अलावा मैंकू और दौलत की चप्पल व प्लास्टिक की दुकानें तथा नगर निवासी राघवेंद्र की चाभी-छल्ला गुच्छे की दुकान भी जलकर राख हो गई। राघवेंद्र ने अपने नुकसान की राशि करीब 50,000 रुपये बताई।

घटना की जानकारी मिलने पर श्री राठ रामलीला सांस्कृतिक समिति के पदाधिकारी सुरेश खेवरिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सभी प्रभावित दुकानदारों को समिति की ओर से 50-50 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।

स्थानीय प्रशासन ने घटना की जांच के निर्देश दिए हैं और बिजली विभाग से रिपोर्ट तलब की है।

UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई