उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के खरगूपुर थाना क्षेत्र से रिश्तों को तार-तार करने वाला एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। विशुनापुर बाजार में रहने वाले एक व्यापारी के घर हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में पर्दाफाश कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस वारदात की मास्टरमाइंड कोई और नहीं,बल्कि पीड़ित की सगे पत्नी ही निकली, जिसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर इस पूरी साजिश को अंजाम दिया था। बक्से के ताले तोड़े, सामान बिखेरा और रची डकैती की कहानी
पुलिस को दी गई तहरीर में विशुनापुर बाजार निवासी पीड़ित लवकुश कसौधन ने बताया था कि रविवार-सोमवार की दरमियानी रात चोरों ने उनके घर में सेंधमारी की। चोरों ने कमरे में रखे तीन भारी बक्सों के ताले तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण और नकदी साफ कर दी थी। सुबह जब परिजन कमरे में पहुंचे तो पूरा सामान बिखरा हुआ था और लवकुश की पत्नी पूनम बेड के नीचे बेहोश पड़ी थी। होश में आने के बाद पूनम ने कहानी गढ़ी कि रात में करीब 9 से 10 नकाबपोश बदमाश घर में घुसे थे। जिन्होंने उसके साथ मारपीट की और गहने-नकदी लूटकर फरार हो गए। बयानों में विरोधाभास ने खोला राज,रिश्तेदार ही निकला प्रेमी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देश पर तत्काल एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। जब पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, तो उन्हें कोई बाहरी एंट्री नहीं मिली। इसके बाद जब पीड़ित की पत्नी पूनम से पूछताछ शुरू हुई, तो उसके बार-बार बदलते बयानों और हरकतों ने पुलिस का शक बढ़ा दिया। महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में जब पूनम से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने टूटकर अपना जुर्म कबूल कर लिया। पूनम ने खुलासा किया कि उसका अपने ही एक दूर के रिश्तेदार विकास कसौधन के साथ काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। विकास का उसके घर पर आना-जाना था। दोनों ने मिलकर लवकुश के घर में रखे जेवरातों को हड़पने की योजना बनाई थी। योजनाबद्ध तरीके से किया कांड,सारा माल बरामद
पूनम के कबूलनामे के अनुसार, रविवार की देर रात उसने चुपके से विकास को घर के अंदर बुलाया। दोनों ने मिलकर बक्सों के ताले तोड़े और सारा कीमती सामान समेट लिया। इसके बाद डकैती का रूप देने के लिए कमरे का सारा सामान फर्श पर बिखेर दिया गया। विकास माल लेकर रात में ही फरार हो गया। जबकि पूनम खुद बेड के नीचे छिप गई और बेहोश होने का नाटक करने लगी।क्षेत्राधिकारी नगर योगेश्वर सिंह ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेमी विकास कसौधन के घर पर दबिश दी। विकास की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के सारे आभूषण, ₹50,000 नकद और घटना में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने पूनम कसौधन और विकास कसौधन दोनों को गिरफ्तार कर सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें कोर्ट में पेश करने की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।