संसद के मानसून सत्र के दौरान नई दिल्ली में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के संसदीय दल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिसे ‘मंगल मिलन’ नाम दिया गया। संसद पुस्तकालय भवन के जी.एम.सी. बालयोगी ऑडिटोरियम में हुई। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गठबंधन के सभी सांसदों और शीर्ष नेताओं के साथ आगामी विधायी रणनीतियों पर चर्चा की और नए सांसदों का स्वागत किया। परीक्षा पारदर्शिता और पेपर लीक पर कड़ा रुख
बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि प्रधानमंत्री ने नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों को देश के लिए एक महत्वपूर्ण विषय माना है। प्रधानमंत्री के अनुसार, सरकार छात्रों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस मामले पर राजनीति नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने जानकारी दी कि गड़बड़ी की रिपोर्ट आते ही प्रशासनिक स्तर पर त्वरित कदम उठाते हुए 13 लोगों को हिरासत में लिया गया है। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कानूनी व प्रशासनिक ढांचे को और मजबूत किया जा रहा है। विदेशी व्यापार समझौतों में किसानों के हितों की रक्षा
कृषि क्षेत्र और अर्थव्यवस्था पर बात करते हुए प्रधानमंत्री ने विभिन्न देशों के साथ होने वाले मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने सांसदों को आश्वस्त किया कि किसी भी अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देते समय देश के किसानों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा और उनके कल्याण से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यह बयान ऐसे समय में आया है जब देश की राजधानी में नीट परीक्षा को लेकर विभिन्न छात्र संगठनों का विरोध प्रदर्शन जारी है।