लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर 40 फीट गहरी खंती में पलटी बस, तीन यात्रियों की मौत, 40 से अधिक घायल

SHARE:

तेज रफ्तार यात्रियों से भरी बस अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खंती में पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री बस के अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक यात्री घायल हुए हैं।
लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट के पास सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे यह हादसा हुआ। राजस्थान के भिवाड़ी से बिहार के छपरा जा रही बस अनियंत्रित होकर लगभग 40 फीट गहरी खंती में पलट गई। बस में करीब 52 यात्री सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। करीब 40 मिनट तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस से लोकबंधु अस्पताल और मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। डीसीपी पश्चिम जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, 29 घायलों को लोकबंधु अस्पताल और 13 को मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। उपचार के दौरान भी कुछ घायलों ने दम तोड़ दिया। हादसे में बिहार के बेगूसराय निवासी शंकर रजक (63) की पहचान हुई है। अन्य मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी में बस का पिछला टायर फटने से अनियंत्रित होने की आशंका जताई गई है। वहीं यात्रियों ने चालक और परिचालक पर रास्ते में शराब पीने का आरोप लगाया है। पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घायलों में मासूम बच्चे भी शामिल
हादसे में दो और तीन साल की बच्चियों समेत कई बच्चे घायल हुए हैं। घायलों में बिहार और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के यात्री शामिल हैं। सभी को अस्पतालों में भर्ती कराकर उपचार कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने लिया हादसे का संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता देने के निर्देश भी दिए।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई