बाँदा-चोर होने का आरोप लगाकर ट्यूबवेल ले गए, पीट-पीटकर युवक की हत्या

SHARE:

घर से नाराज होकर शराब के नशे में पैदल निकले युवक को रास्ते में रोककर चोर होने का आरोप लगाया गया। इसके बाद उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर ट्यूबवेल ले जाया गया, जहां डंडे और अधजली लकड़ी से मारपीट की गई। गंभीर चोटों के चलते युवक की मौत हो गई। मौत के बाद आरोपी शव को ग्राम छापर के पास फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त सामान बरामद कर लिया है।
एएसपी डॉ शिवराज ने बताया कि मृतक उमेश उर्फ बंदर वर्मा पुत्र चुन्नू वर्मा निवासी मोहल्ला शंकर नगर, कस्बा तिंदवारी घर से नाराज होकर पैदल निकला था और उसने भी शराब पी रखी थी। रास्ते में शराब के नशे में मौजूद अंकित उर्फ अंकुल और पवन उर्फ बल्ला से उसका विवाद हो गया। आरोपियों ने उस पर चोर होने का आरोप लगाते हुए उसे मोटरसाइकिल पर बैठाया और ट्यूबवेल ले गए।
एएसपी डॉ शिवराज ने बताया कि ट्यूबवेल पर दोनों आरोपियों ने युवक को डंडे और अधजली लकड़ी से पीटा। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गया। इसके बाद आरोपी उसे मोटरसाइकिल से ग्राम छापर के पास तालाब के नजदीक ले गए और वहां फेंककर चले गए। बाद में युवक की मौत हो गई।
ऐसे पहुंची पुलिस आरोपियों तक
हत्या की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल से मिले भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों को जुटाया। थाना तिंदवारी पुलिस और एसओजी ने संदिग्धों से पूछताछ की तथा ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। अलग-अलग बिंदुओं से मिले सुरागों को जोड़ते हुए पुलिस टीम आरोपी तक पहुंची। 16 सितंबर को संयुक्त टीम ने ग्राम जसईपुर मोड़ से अंकित उर्फ अंकुल पुत्र रामसेवक निवासी माटा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दो डंडे, अधजली लकड़ी, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मृतक के जूते और आरोपी के कपड़े बरामद किए। मामले में शामिल दूसरे आरोपी पवन उर्फ बल्ला पुत्र रामप्रकाश निवासी माटा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
गिरफ्तारी में इनकी रही भूमिका
कार्रवाई में थानाध्यक्ष तिंदवारी संदीप पटेल ने थाना पुलिस टीम का नेतृत्व किया, जबकि प्रभारी एसओजी आनंद कुमार ने एसओजी टीम के साथ तकनीकी एवं अन्य सुरागों को जुटाने में भूमिका निभाई। वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुभाष चन्द्र वर्मा समेत पुलिसकर्मियों ने संदिग्धों से पूछताछ, साक्ष्यों के सत्यापन और आरोपी की गिरफ्तारी की कार्रवाई में सहयोग किया। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष संदीप कुमार सिंह, एसओजी प्रभारी आंनद कुमार, हेड कांस्टेबल अश्वनी प्रताप सिंह, कांस्टेबल अमित त्रिपाठी, प्रतीक सिंह, मनीष मिश्रा, अमन मिश्रा और महेन्द्र प्रताप सिंह शामिल रहे। पुलिस के अनुसार फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई