
बाँदा-नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के प्रयास के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
UP TIMES NEWS
FOLLOW US:
FOLLOW US:
सहायक पुलिस अधीक्षक मेविस टाक ने बताया कि, 24 जुलाई को थाना मरका क्षेत्र की एक नाबालिग बालिका घर से नाराज होकर अपने ननिहाल जाने के लिए निकली थी। देर रात बांदा पहुंचने पर वह नरैनी जाने के लिए एक ई-रिक्शा में बैठी। आरोप है कि ई-रिक्शा चालक नरेश कुमार ने अपने साथी एजाज के साथ मिलकर बालिका का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया और फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने पीड़िता को सकुशल बरामद कर मेडिकल परीक्षण कराया। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में थाना कोतवाली नगर, थाना मरका, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीमों का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और ई-रिक्शा के सत्यापन के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही थी। रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी गंछा रोड पर मौजूद हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन आरोप है कि आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एजाज के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा आरोपी नरेश कुमार भी गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान कांस्टेबल मो. यूनुस और कांस्टेबल इन्द्रपाल सिंह घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी स्थिति सामान्य बताई गई है।WhatsApp us