क्रेशर प्लांट के पास एक ट्रक पलटने से चालक उसके नीचे दब गया। घटना के दौरान चालक की जान जोखिम में पड़ गई। आरोप है कि तहसीलदार महेंद्र तिवारी ट्रक का पीछा कर रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हुआ। घटना मध्यप्रदेश की सीमा से जुड़े एक क्रेशर प्लांट के पास रात में हुई बताई जा रही है।
अतर्रा तहसीलदार महेंद्र तिवारी अपने सरकारी वाहन से बाबू अनुराग शुक्ला के साथ रविवार की रात मध्यप्रदेश स्थित क्रेशर प्लांट पहुंचे थे। आरोप है कि ट्रक का पीछा करने के दौरान वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया और चालक उसके नीचे दब गया।
हादसे के बाद बैरियर तोड़कर भागने का आरोप
आरोप लगाया गया है कि हादसे के बाद तहसीलदार बैरियर तोड़ते हुए वहां से निकल गए। यह भी दावा किया गया है कि घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को नहीं दी गई। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। प्लांट और कार्रवाई के क्षेत्राधिकार पर सवाल
क्रेशर प्लांट मध्यप्रदेश की सीमा से जुड़ा बताया जा रहा है। ऐसे में तहसीलदार के वहां पहुंचने और ट्रक का पीछा करने के उद्देश्य को लेकर सवाल उठ रहे हैं। घटना के समय उनके साथ मौजूद बाबू अनुराग शुक्ला की भूमिका पर भी चर्चा हो रही है। चेकिंग के नाम पर वसूली के आरोप
तहसीलदार महेंद्र तिवारी और बाबू अनुराग शुक्ला पर सीमा क्षेत्रों में चेकिंग के नाम पर कथित वसूली के आरोप भी लगाए गए हैं। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। तहसीलदार महेंद्र तिवारी से पक्ष जानने के लिए कई बार फोन किया गया लेकिन उनका मोबाइल नाट रीचेबल बताता रहा। जिससे उनका पक्ष नहीं लिया जा सका।