नामांकन में खराब प्रगति पर सीडीओ ने नाराजगी जताने के साथ खण्ड शिक्षा अधिकारियों के वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला बेसिक शिक्षाधिकारी एवं जिला समन्वयक वार्डन ने प्रतिभाग किया। बैठक में आपरेशन कायाकल्प के विभिन्न बिन्दुओं की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि दिव्यांग सुलभ शौचालय,सुरक्षित चारदीवारी एवं मुख्य गेट का कार्य 15 दिनों के अंदर पूर्ण किया जाए। विद्यालय परिसर के ऊपर स्थित हाईटेंशन एवं एलटी विद्युत लाइनों को हटाने हेतु सभी विद्यालयों की अद्यतन सूची तैयार कर सम्बन्धित विभाग को यथाशीघ्र भेजने के निर्देश दिए गए। शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति की समीक्षा करते हुए कम उपस्थिति दर्ज करने वाले कार्मिकों के विरुद्ध खण्ड शिक्षा अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। खण्ड शिक्षा अधिकारियों पर सख्त कार्यवाही शैक्षिक सत्र 2026-27 के नवीन नामांकन एवं पीएम श्री विद्यालयों में नामांकन की प्रगति की समीक्षा में टाउन बांदा,कमासिन एवं बिसण्डा ब्लॉकों की स्थिति सबसे खराब पाए जाने पर संबंधित खण्ड शिक्षा अधिकारियों के वेतन रोकने,अन्य खण्ड शिक्षा अधिकारियों को नोटिस जारी करने तथा 15 दिनों में अपेक्षित प्रगति न होने पर कार्यवाही हेतु प्रस्ताव जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को भेजने के निर्देश दिए गए।कस्तूरबा गांधी विद्यालयों की समीक्षा कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने की रणनीति बनाने के निर्देश दिए गए। विद्यालयों में उपलब्ध कराई गई सुविधाओं को समय से सुधारने,स्मार्ट क्लास,कंप्यूटर एवं वाद्य यंत्रों का प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शैक्षिक गुणवत्ता एवं आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाए। कहा कि शिक्षा के कार्य में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।