माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला संगठन ने पैलानी-जसपुरा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों का शैक्षिक भ्रमण कर शिक्षकों से संपर्क किया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने शिक्षकों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण का भरोसा दिलाया।
जिलाध्यक्ष राजकिशोर शुक्ला, जिला मंत्री राजा कैलाश चंद्र, पूर्व जिला मंत्री रामचंद्र सोनकर और कार्यकारिणी के वरिष्ठ सदस्य अशोक द्विवेदी ने परमहंस रणछोड़ दास इंटर कॉलेज खपटिहा, मधुसूदन दास इंटर कॉलेज जसपुरा तथा पं. जवाहरलाल नेहरू अखंड इंटर कॉलेज चंदवारा का भ्रमण किया। इस दौरान पदाधिकारियों ने शिक्षकों से अधिक से अधिक संख्या में संगठन की सदस्यता लेने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि किसी भी शिक्षक का शोषण नहीं होने दिया जाएगा। कार्यालय स्तर अथवा प्रबंध तंत्र की ओर से किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में जिला संगठन शिक्षकों के साथ खड़ा रहेगा। भ्रमण के दौरान खपटिया, जसपुरा और चंदवारा इकाइयों के शिक्षकों ने जिला संगठन के पदाधिकारियों का स्वागत किया। कई विद्यालयों की इकाइयों ने सदस्यता शुल्क भी जमा किया। संगठन के मंडलीय मंत्री मेजर मिथिलेश कुमार पांडेय ने जिला संगठन के शैक्षिक भ्रमण और शिक्षक संपर्क कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षक समस्याओं से संबंधित विभिन्न मांगों को लेकर जल्द ही जिला विद्यालय निरीक्षक बांदा को ज्ञापन सौंपा जाएगा।