बाँदा-जनसमस्याओं को लेकर सद्भावना सेवा मंच ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

SHARE:

जनपद की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सद्भावना सेवा मंच ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। मंच के पदाधिकारियों ने सड़क, स्वास्थ्य, बिजली, यातायात, मंडी व्यवस्था और शराब की दुकानों के आसपास होने वाली अव्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया।
सद्भावना सेवा मंच के अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता राजा के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में कहा कि जनपद के राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजमार्गों पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे दुर्घटनाएं हो रही हैं और राहगीरों को जान-माल का नुकसान उठाना पड़ रहा है। सड़कों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की गई।
ज्ञापन में जिला चिकित्सालय और रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के कुछ चिकित्सकों द्वारा निजी चिकित्सालय संचालित किए जाने का आरोप लगाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की गई। मंच ने कहा कि मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के बजाय कथित तौर पर निजी अस्पतालों में भेजे जाने से उनका शोषण हो रहा है। कई वर्षों से एक ही स्थान पर तैनात चिकित्सकों और कर्मचारियों का अन्य जनपदों में स्थानांतरण किए जाने की मांग भी उठाई गई। बांदा-तिंदवारी मार्ग पर सेंट मेरी स्कूल के मुख्य मार्ग के बाहर स्कूल बसों और छात्रों के वाहनों की पार्किंग को लेकर भी शिकायत की गई। मंच ने कहा कि मुख्य सड़क पर वाहनों के खड़े होने से अक्सर दुर्घटना की स्थिति बनी रहती है। स्कूल परिसर में पर्याप्त जगह होने के बावजूद सड़क के बाहर पार्किंग किए जाने को तत्काल बंद कराने की मांग की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में बरसात के मौसम के दौरान विद्युत कटौती का मुद्दा भी उठाया गया। मंच ने कहा कि गर्मी और उमस के बीच लगातार बिजली कटौती से ग्रामीण परेशान हैं और बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की गई। मंडी समिति तिंदवारी रोड के दोनों ओर फुटकर सब्जी विक्रेताओं द्वारा दुकानें लगाए जाने से मुख्य मार्ग बाधित होने की समस्या भी ज्ञापन में शामिल की गई। मंच ने कहा कि इससे आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं और कभी भी बड़ी घटना हो सकती है। मंडी परिसर में नए चबूतरे और टीन शेड बनाकर सब्जी विक्रेताओं को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने की मांग की गई। शहर की सरकारी शराब की दुकानों के आसपास लोगों द्वारा शराब पीने और जमावड़ा लगाने की समस्या पर भी कार्रवाई की मांग की गई। मंच ने कहा कि शराब की दुकानों के आसपास प्लास्टिक कचरा और कांच की बोतलें जमा होने से वहां से गुजरने वाली महिलाओं और बच्चों को परेशानी होती है। शराब की दुकानों के बाहर शराब पीने और जमावड़ा लगाने की व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से बंद कराने की मांग की गई। ज्ञापन में अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता राजा, प्रमुख महासचिव कुदरत उल्ला, राजकुमार गुप्ता राजू, दयाराम गुप्ता, जमुना प्रसाद गुप्ता, वृंदावन वैश्य, मनीष गुप्ता अमित, उर्मिला वर्मा, आरके समुद्र, बबलू श्रीवास, शाहिद बेग चांद, मोहम्मद यूसुफ मंसूरी, पीयूष आनंद, देवेंद्र मिश्रा, अंकित खंगार नोखे, सोनू गुप्ता, राकेश सिंह, राज गुप्ता, दीपक गुप्ता, सौरभ लक्षकार, हर्षित द्विवेदी, बबलू विश्वकर्मा, अजय सविता, अमित नामदेव, अर्जुन अनुरागी, नरेश गुप्ता, नेतराम वर्मा, रईस खान, अधिवक्ता सत्येंद्र यादव, अधिवक्ता राजेंद्र यादव, अधिवक्ता विक्रम आर्यन, शकील राईन आदि मौजूद रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई