जनपद में बैंक एवं एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा लूट, चोरी, छिनैती और टप्पेबाजी जैसी घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में सोमवार को जनपदभर में विशेष बैंक चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सभी थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने बैंक शाखाओं, एटीएम एवं अन्य वित्तीय संस्थानों का सघन निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। चेकिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बैंक एवं एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों, आपातकालीन अलार्म, अग्निशामक यंत्रों सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों की गहन जांच की। बैंक प्रबंधकों को निर्देश दिए गए कि सभी सीसीटीवी कैमरे चौबीसों घंटे संचालित रहें तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
पुलिस टीमों ने बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद कर सुरक्षा संबंधी आवश्यक सुझाव दिए तथा उन्हें भरोसा दिलाया कि ग्राहकों की सुरक्षा के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है। वहीं बैंक सुरक्षा गार्डों को निर्देशित किया गया कि बैंक आने वाले ग्राहकों के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा कराया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। अभियान के दौरान बैंक और एटीएम के आसपास संदिग्ध रूप से घूम रहे व्यक्तियों एवं खड़े वाहनों की भी गहन जांच की गई। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए लोगों को आवश्यक पूछताछ के बाद कड़ी चेतावनी दी गई तथा भविष्य में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि से दूर रहने की हिदायत दी गई।