अपराध और अवैध शस्त्रों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कालिंजर थाना पुलिस ने एक युवक को 315 बोर के अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में जिले में अपराधियों और अवैध शस्त्र रखने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार देर शाम कालिंजर थाना पुलिस गश्त और चेकिंग कर रही थी। इस दौरान ग्राम वैधनपुरवा के पास एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में घूमता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।पूछताछ में आरोपी की पहचान रामसुफल उर्फ रज्जू पुत्र रामसिया निवासी गुढ़ाकला थाना कालिंजर के रूप में हुई। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना कालिंजर में मुकदमा संख्या 107/26, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया। थानाध्यक्ष दारा सिंह ने बताया कि अभियुक्त किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। जैसे ही उसके मौजूद होने की सूचना मिली तो तत्काल पहुंच कर उसे दबोच लिया गया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष दारा सिंह, चौकी प्रभारी गुढ़ाकला प्रवेश कुमार, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार यादव, कांस्टेबल आशीष कुमार, अजय पाल और राहुल कुमार यादव शामिल रहे।