पेट्रोल पंपों एवं गैस एजेंसियों का नियमित निरीक्षण करें। पेट्रोल पंपों तथा गैस एजेंसियों में ईधन की आपूर्ति को सुचारू रूप से क्रियान्वित रखे जाने के साथ ईंधन की उपलब्धता बनाये रखी जाए। एलपीजी गैस की कालाबाजारी संबंधी शिकायतें बिल्कुल नहीं आनी चाहिए। उपरोक्त निर्देश कमिश्नर ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों को दिए।
आयुक्त चित्रकूटधाम मण्डल अजीत कुमार तथा डीआईजी राजेश कुमार ने शनिवार को तहसील अतर्रा में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसुनवाई की। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को सुना। समाधान दिवस में 52 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। जिसमें से कई शिकायतों का कमिश्नर तथा डीआईजी ने मौके पर निस्तारण कराया। आयुक्त ने उपजिलाधिकारी अतर्रा अंजली यादव को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करते हुए सात दिवस के भीतर आख्या आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए। आयुक्त ने बैठक में उपस्थित सभी विभागीय अधिकारियों को वर्तमान में बढती गर्मी के दृष्टिगत जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए। कमिश्नर ने कहा कि सभी विभाग समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करें।जिससे आमजन को राहत मिल सके तथा किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो। कमिश्नर ने
खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेट्रोल पंपों एवं गैस एजेंसियों का नियमित निरीक्षण करें। समस्त पेट्रोल पंपों एवं गैस एजेंसियों में ईधन की आपूर्ति को सुचारू रूप से क्रियान्वित रखा जाये। यह सुनिश्चित करें कि कहीं से ईंधन अथवा एलपीजी गैस की कालाबाजारी संबंधी शिकायतें प्राप्त न हों। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। ट्रांसफार्मरों एवं विद्युत लाइनों की समयबद्ध मरम्मत की जाए तथा आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया दल (रिस्पॉन्स टीम) सक्रिय रखा जाए। त्रुटिपूर्ण बिलों का तत्काल संशोधन किया जाए तथा नए विद्युत संयोजनों हेतु प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिये कि हीट वेव से बचाव हेतु विशेष वार्ड स्थापित किए जाएं। तथा पर्याप्त दवाएं,ओआरएस,शुद्ध पेयजल,कूलर एवं पंखों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्राथमिक उपचार सेवाएं सुदृढ़ रखी जाएं। तथा एम्बुलेंस सेवाएं पूर्णतः सक्रिय एवं तत्पर अवस्था में रहें। जल जीवन मिशन/जल संस्थान को निर्देश दिए कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नियमित एवं पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। खराब हैंडपंप एवं नल तत्काल ठीक कराए जाएं। कहा कि जल संकट वाले क्षेत्रों में टैंकर के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही जल जीवन मिशन के अंतर्गत खोदी गई सड़कों का तत्काल मरम्मतीकरण कराया जाए। नगर विकास एवं पंचायतीराज विभाग को निर्देश दिए कि प्रत्येक 200 से 250 मीटर की दूरी पर सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल,छाया एवं स्वच्छता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही जलभराव एवं गंदगी से मुक्ति हेतु विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। ग्राम्य विकास विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण को बढ़ावा दिया जाए। पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही श्रमिकों के कार्यस्थलों पर छाया एवं पेयजल की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। कृषि विभाग को निर्देश दिए कि समस्त किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के लाभों के प्रति जागरूक करते हुए फार्मर रजिस्ट्री का कार्य मई 2026 तक शत-प्रतिशत पूर्ण कराया जाए। कृषि विभाग की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ पात्र कृषकों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।पशुपालन विभाग को निर्देश दिए कि समस्त गौशालाओं में पशुओं के लिए पेयजल एवं छायादार स्थान की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही हरे चारे,भूसे,दवाओं, केयर टेकर एवं सीसीटीवी आदि की समुचित व्यवस्था बनाए रखी जाए।राजस्व विभाग को निर्देश दिए कि संभावित सूखा एवं गर्मी से उत्पन्न परिस्थितियों पर सतत निगरानी रखी जाए। साथ ही आवश्यकतानुसार राहत कार्य समयबद्ध रूप से प्रारंभ किए जाएं। पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ पेयजल एवं अन्य सहायता व्यवस्थाओं में आवश्यक सहयोग सुनिश्चित किया जाए। डीआईजी राजेश एस ने पुलिस को निर्देश दिए कि पुलिस से सम्बंधित जितने मामले हैं। उनका समय से निस्तारण कराये। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इस दौरान एसडीएम अंजली यादव,सीओ प्रतिज्ञा सिंह आदि मौजूद रहे।