हीट स्ट्रोक के दृष्टिगत अस्पताल में विशेष वार्ड बनाया जाए। हीट वेव से सम्बंधित मरीजो को उसी वार्ड में शिफ्ट करते हुए उनकी समुचित देखरेख भी की जाए। उपरोक्त निर्देश कमिश्नर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान दिए। इसके साथ ही उन्होंने मरीजों को ओआरएस की व्यवस्था कराये जाने के भी निर्देश दिए हैं।
मण्डलायुक्त अजीत कुमार ने जनपद बाँदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुरा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र में पेयजल,साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता,चिकित्सकों की उपस्थिति, सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता तथा मरीजों के बैठने की व्यवस्था ठीक ठाक पाई गई। आयुक्त अजीत कुमार ने निर्देशित किया कि भीषण गर्मी एवं हीटवेव के दृष्टिगत स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में ओआरएस,आवश्यक दवाएं,कूलर,पंखे एवं शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। हीट स्ट्रोक से प्रभावित मरीजों के उपचार हेतु विशेष वार्ड क्रियाशील रखे जाएं। कमिश्नर अजीत कुमार ने निर्देश दिए कि अस्पताल परिसर एवं वार्डों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। मरीजों एवं उनके तीमारदारों के लिए छायादार स्थान एवं बैठने की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। साथ ही सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए ड्यूटी रोस्टर सार्वजनिक स्थान पर प्रदर्शित किया जाए। केंद्र पर 24 घंटे एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध एवं क्रियाशील रखी जाए। जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। आयुक्त अजीत कुमार ने यह भी निर्देश दिए कि किसी भी मरीज को अनावश्यक रूप से रेफर न किया जाए। उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जाएं।मण्डलायुक्त अजीत कुमार ने कहा कि शासन का उद्देश्य है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ बिना भेदभाव,बिना देरी एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता,उत्तरदायित्व एवं मानवीय दृष्टिकोण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। जनता के विश्वास को मजबूत करने हेतु प्रभावी एवं जवाबदेह प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।