बाँदा-एनएचएम समीक्षा में तिंदवारी सीएचसी के प्रभारी मण्डल में रहे अव्वल

SHARE:

चित्रकूटधाम मण्डल के आयुक्त अजीत कुमार ने सोमवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत संचालित कार्यक्रमों की मण्डलीय समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति का आकलन किया। बैठक में बेहतर प्रदर्शन करने वाले चिकित्सा अधिकारियों को सम्मानित किया गया। मण्डल स्तर पर आयोजित “बेस्ट मेडिकल ऑफिसर-इन-चार्ज ऑफ द मंथ” कार्यक्रम में बाँदा जिले के तिंदवारी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नरेन्द्र विश्वकर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, हमीरपुर के मुस्करा ब्लॉक को दूसरा, महोबा के पनवाड़ी ब्लॉक को तीसरा और चित्रकूट के पहाड़ी ब्लॉक को चौथा स्थान मिला।
बैठक में 108 एवं 102 एम्बुलेंस सेवाएं, एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस, ब्लड बैंक, ऑक्सीजन प्लांट, संचारी रोग नियंत्रण अभियान, दस्तक अभियान, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी), जननी सुरक्षा योजना, ई-संजीवनी, परिवार नियोजन, नियमित टीकाकरण, नवजात शिशु देखभाल, गुणवत्ता आश्वासन, आशा कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण तथा निर्माणाधीन स्वास्थ्य परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
आयुक्त ने निर्देश दिए कि आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय एवं प्रोत्साहन राशि का भुगतान प्रत्येक माह की पांच तारीख तक हर हाल में किया जाए। संस्थागत प्रसव के बाद निर्धारित अवधि पूरी होने से पहले महिलाओं को डिस्चार्ज न किया जाए तथा जननी सुरक्षा योजना के भुगतान में किसी भी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने 30 वर्ष से अधिक आयु के सभी पात्र लोगों का ई-कवच पोर्टल पर पंजीकरण कराते हुए उच्च रक्तचाप और मधुमेह की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग कराने के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध मरीजों की समय से जांच, उपचार और नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में जिला चिकित्सालयों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मन्दिरों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, स्वास्थ्य संस्थानों में साफ-सफाई, जन औषधि केन्द्रों में दवाओं के मानक अनुरूप भंडारण तथा सभी स्वास्थ्य इकाइयों में उपलब्ध दवाओं एवं जांच सुविधाओं की सूची प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए। आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि मण्डल एवं जनपद स्तर पर नियमित निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की कमियों को दूर किया जाए। कमजोर प्रदर्शन करने वाले कार्मिकों की नियमित समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े सभी प्रमुख सूचकांकों में निरंतर सुधार लाया जा सके। आयुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई