बाँदा-आशनाई को लेकर की थी हिस्ट्रीशीटर की हत्या,दो आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

जनपद के मटौंध थाना क्षेत्र के दुरेंडी गांव में शराब पार्टी के दौरान हिस्ट्रीशीटर की हत्या करने वाले आरोपियों को एसओजी तथा पुलिस टीम ने 24 घण्टे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस आलाकत्ल डंडा बरामद कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के पर्यवेक्षण एवं सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर मेविस टॉक के नेतृत्व में थाना मटौंध और एसओजी की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि 3 अगस्त 2026 को ग्राम दुरेंडी में एक प्लॉट पर धर्मेंद्र उर्फ गुड्डू अपने दो साथियों के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान अवैध संबंधों को लेकर तीनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। नशे में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों साथियों ने धर्मेंद्र पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई और आरोपी फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। मृतक के भाई मुलायम की तहरीर पर थाना मटौंध में मु.अ.सं. 154/2026 के तहत धारा 103(1)/238 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान मिले तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों, संदिग्धों से पूछताछ और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने मंगलवार को खदान तिराहा, केन नदी रोड के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजू पुत्र बसंता और सागर पुत्र रणवीर निवासी ग्राम दुरेंडी, थाना मटौंध, जनपद बांदा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक डंडा (आलाकत्ल) तथा एक आधार कार्ड बरामद किया है। वहीं चर्चा है कि हिस्ट्रीशीटर तथा आरोपी एक ही लड़की से फोन पर बात करते थे। जो यह बात सागर को नागवार गुजरी। इसी को लेकर उसने अपने साथी के साथ हिस्ट्रीशीटर गुड्डू के मारने का प्लान बनाया था। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मटौंध दीपेंद्र कुमार सिंह,एसओजी प्रभारी आंनद कुमार सिंह,चौकी प्रभारी भूरागढ़ अरविंद कुमार,सर्विलांस प्रभारी राजेश मौर्य, कांस्टेबल अनुज यादव, कांस्टेबल अश्वनी कुमार,संदीप कुमार (एसओजी), कांस्टेबल अमित कुशवाहा, अश्वनी प्रताप सिंह, अमित त्रिपाठी, प्रतीक सिंह, मनीष मिश्रा तथा रिषभ शामिल रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई