चित्रकूट जनपद के मानिकपुर थाना क्षेत्र में दर्ज दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मामले में फरार चल रहे वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी को लेकर डीआईजी ने शिकंजा कसा है। चित्रकूटधाम परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। आरोपी घटना के समय से फरार है, जबकि इस मामले के दो अन्य आरोपितों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
चित्रकूट के मानिकपुर थाने में दर्ज मु.अ.सं. 101/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 70(2), 127(2), 351(3), 131(2), 304(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5जी/6 के तहत मुकदमा दर्ज है। मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक थाना मानिकपुर द्वारा की जा रही है। पुलिस के अनुसार इस प्रकरण में नामजद अभियुक्त अखिलेश उर्फ जरैला पुत्र कल्लू प्रसाद निवासी थाना कोतवाली देहात, बांदा तथा जिन्नू कोल पुत्र रघुनंदन कोल निवासी गेदुरहा, थाना मानिकपुर, चित्रकूट को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं तीसरा आरोपी लल्लू उर्फ लाला (25) पुत्र जगजीत वर्मा निवासी ग्राम करबई, थाना कोतवाली देहात, बांदा घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा है। पुलिस अधीक्षक चित्रकूट की संस्तुति पर चित्रकूटधाम परिक्षेत्र के डीआईजी राजेश एस ने ने मंगलवार को फरार अभियुक्त लल्लू उर्फ लाला की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए उस पर 50 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित कर दिया। पुलिस की टीमें उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं और आमजन से भी उसकी सूचना देने की अपील की गई है। पुलिस का कहना है है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।