बाँदा-घर के आंगन में टूटकर गिरा हाई टेंशन लाइन का तार,बाल-बाल बचा परिवार

SHARE:

जिले के तिंदवारी कस्बे में गुरुवार तड़के बड़ा हादसा टल गया। बांदा-फतेहपुर राजमार्ग पर रामहित पेट्रोल पंप के सामने स्थित मकान के आंगन में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार अचानक टूटकर गिर पड़ा। तार गिरते ही करीब 15 मिनट तक उसमें तेज चिंगारियां निकलती रहीं, जिससे छप्पर में आग लग गई। आग और चिंगारियां देखकर परिवार के लोग बाहर निकले और किसी तरह सुरक्षित स्थान पर पहुंचे। गनीमत रही कि कोई भी व्यक्ति या जानवर करंट की चपेट में नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया।
जनपद के तिंदवारी कस्बा निवासी सुगरा बानो के बेटे सागिर अली ने बताया कि गुरुवार की सुबह करीब पांच बजे तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखा तो हाईटेंशन लाइन का तार आंगन में गिरा हुआ था। यदि परिवार का कोई सदस्य या बंधी हुई बकरियां तार के संपर्क में आ जातीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि जर्जर हाईटेंशन लाइन को लेकर पहले भी कई बार बिजली विभाग और प्रशासन से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग ने तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद कराई। अवर अभियंता मोहित सिंह ने बताया कि लाइन बंद कर मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए लाइन के नीचे सुरक्षा जाल लगाने की व्यवस्था भी की जाएगी। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है और उन्होंने जल्द स्थायी समाधान की मांग की है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई