ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस ने अचानक लापता हुए अलग-अलग चार बच्चों को बरामद करते हुए परिजनों के सुपुर्द किया है।
थाना मटौंध क्षेत्र के भूरागढ़ के रहने वाले रमेश निषाद पुत्र चुनका ने बताया कि गुरुवार की सुबह 16 वर्षीय पुत्र मनोज घर से पैसे लेकर गेंहू खरीदने के लिए गया था। लेकिन अभी तक वह घर नहीं लौटा। आस-पास के लोगों से जानकारी की गई। लेकिन कहीं भी उसका पता नहीं चला। सूचना पर तत्काल चौकी प्रभारी भूरागढ़ अरविन्द कुमार द्वारा टीम का गठन करते हुए तत्परता के साथ लोगों से पूछताछ करते हुए सम्भावित स्थानों पर खोजबीन की गई। जिसके पश्चात उसे पहड़िया भूरागढ़ से नाबालिग को सकुशल बरामद कर परिजनों को सुपुर्द किया गया। इसी तरह थाना कोतवाली नगर क्षेत्र ज्योति नगर निवासी रामस्वरूप श्रीवास ने सूचना दी कि उनका 10 वर्षीय बालक घर से कहीं चला गया है। सूचना पर तत्काल चौकी प्रभारीत मण्डी समिति प्रीत कुमार पाण्डेय द्वारा टीमों का गठन करते हुए आस-पास के लोगों से पूछताछ करते हुए एवं लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से बच्चे को सेंट मैरी स्कूल के पास से सकुशल बरामद कर परिजनों को सुपुर्द किया गया। इसी प्रकार कस्बा कमासिन की क्षेत्र की रहने वाली एक महिला द्वारा गुरुवार की शाम को थाना कमासिन पर सूचना दी कि उनका 04 वर्षीय बच्चा अचानक कही चला गया। काफी खोजबीन की गई लेकिन कही नहीं मिला। सूचना पर तत्काल प्रभारी निरीक्षक थाना कमासिन संतोष कुमार ओझा द्वारा टीमों का गठन करते हुए कस्बे में लोगों से पूछताछ कर सीसीटीवी कैमरे आदि की मदद से बच्चे को मात्र आधे घण्टे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया। एक अन्य घटना में कस्बा अतर्रा की रहने वाली निशू ने थाना अतर्रा पर सूचना दी कि उनका 14 वर्षीय बेटा पिता की डांट से नाराज होकर रात्रि करीब 02.00 बजे कही चला गया। काफी खोजबीन करने के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। सूचना प्राप्त होते ही प्रभारी निरीक्षक थाना अतर्रा राकेश कुमार तिवारी द्वारा किशोर की सकुशल बरामदगी हेतु तत्काल पुलिस टीमों का गठन कर उन्हें विभिन्न संभावित स्थानों पर रवाना किया गया। पुलिस टीमों द्वारा सक्रियता एवं तत्परता के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ तथा संभावित स्थानों पर तलाश की गई। जिसके परिणामस्वरूप किशोर को ग्राम पुनाहुर स्थित एक मंदिर के पास से सकुशल बरामद कर लिया गया। पूछताछ के दौरान किशोर ने बताया कि वह पिता की डांट से नाराज होकर साइकिल से घर से निकलकर पुनाहुर स्थित मंदिर आ गया था।