घरेलू विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया। पिता की हत्या के मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हंसिया भी बरामद किया है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के बांधा पुरवा निवासी मोतीलाल यादव (70) की 30 अक्टूबर की शाम पारिवारिक विवाद के दौरान उनके पुत्र नीलम यादव (35) ने हंसिया से सिर पर वार कर हत्या कर दी थी। गंभीर रूप से घायल मोतीलाल को परिजन मेडिकल कॉलेज बांदा ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने सीओ सिटी सौरभ सिंह के नेतृत्व में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की थीं। सीओ सिटी सौरभ सिंह ने बताया कि आरोपी अपनी पत्नी से विवाद के चलते तनाव में रहता था। 30 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे पिता-पुत्र के बीच कहासुनी हुई, जिसके दौरान आरोपी ने अपने पिता पर हमला कर दिया। सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्य जुटाए।
गिरफ्तारी के लिए गठित टीमों ने रात में गश्त और चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर नवादा मोड़ के पास बने यात्री प्रतीक्षालय से आरोपी नीलम यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हंसिया बरामद किया। मामले में मुकदमा अपराध संख्या 559/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत है। पुलिस द्वारा परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी और बरामदगी
गिरफ्तार आरोपी नीलम यादव पुत्र मोतीलाल यादव, निवासी बांधा पुरवा, थाना कोतवाली नगर, बांदा है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक हंसिया बरामद किया गया है।
पुलिस टीम की कार्रवाई गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बलराम सिंह, निरीक्षक प्रभुनाथ यादव,मेडिकल कॉलेज चौकी प्रभारी वीरेन्द्र त्रिपाठी,अलीगंज उत्कर्ष सिंह और सुखबीर सिंह तथा कांस्टेबल हर्ष तिवारी, अश्वनी उपाध्याय, अरमान अली, सचिन कुमार और गवेन्द्र सिंह शामिल रहे।