सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विद्यालय परिवहन वाहनों की जांच, यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने और सड़क सुधार कार्यों में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को लंबित कार्यों को समयबद्ध पूरा कराने और सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिला विद्यालय परिवहन यान सुरक्षा समिति एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक में सड़क सुधारीकरण, यातायात व्यवस्था, विद्यालय परिवहन वाहनों की सुरक्षा और सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने संबंधी कार्यों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी अमित आसेरी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को विद्यालय परिवहन यानों से संबंधित लंबित रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। विद्यालयों में संचालित वाहनों के चालकों का चरित्र सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने और वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
सड़क किनारे अतिक्रमण की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पूर्व में हटाए गए अतिक्रमण का विस्तृत विवरण और सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसमें यह स्पष्ट करने को कहा गया कि कितने स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया, कितने लोगों ने स्वयं अतिक्रमण हटाया और कितने स्थानों पर दोबारा अतिक्रमण किया गया।
उन्होंने दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित न हो, इसके लिए चिन्हित स्थानों पर नियमित निगरानी रखने को कहा। सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था के लिए आवश्यक सड़क सुधारीकरण एवं सुधारात्मक कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए गए। यूपीडा के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि क्षेत्र में जहां-जहां सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, उनका समुचित प्लान और मैपिंग तैयार कर सभी चिन्हित स्थानों पर कैमरों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। कैमरों में बिना हेलमेट वाहन चलाते पाए जाने पर वाहन की फोटो या फुटेज संबंधित अधिकारी को उपलब्ध कराते हुए नियमानुसार चालान की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी अमित आसेरी ने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए प्रवर्तन, जागरूकता और सड़क सुधार कार्यों में आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आमजन के लिए सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। स्कूल वाहनों पर होगी सख्त निगरानी
विद्यालय परिवहन वाहनों से संबंधित लंबित रिपोर्ट एक सप्ताह में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। चालकों का चरित्र सत्यापन कराने के साथ वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। सीसीटीवी से बिना हेलमेट वालों पर कार्रवाई
सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों की प्लानिंग और मैपिंग कर उनका प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। बिना हेलमेट वाहन चलाते पाए जाने पर कैमरे की फोटो या फुटेज के आधार पर नियमानुसार चालान की कार्रवाई होगी।