जनगणना अभियान के कार्य में पूरे प्रदेश जनपद बांदा टॉप रहा। वहीं दूसरे स्थान पर औरैया तथा तीसरे में सहारनपुर जनपद रहा।
जिलाधिकारी अमित आसेरी के निर्देशन तथा सतत मॉनिटरिंग एवं जनसहभागिता के परिणामस्वरूप जनपद बाँदा ने जनगणना अभियान में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
जनपद में संचालित स्वगणना अभियान को सफल बनाने हेतु प्रशासन द्वारा ग्राम स्तर से लेकर नगर क्षेत्रों तक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने घर-घर जाकर लोगों को स्वगणना के प्रति जागरूक किया तथा आमजन को ऑनलाइन माध्यम से स्वयं एवं अपने परिवार की गणना करने हेतु प्रेरित किया गया।
जिलाधिकारी अमित आसेरी ने बताया कि यह उपलब्धि केवल प्रशासन की ही नहीं,बल्कि समस्त विभागों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बाँदा ने टीमवर्क,पारदर्शिता एवं जनसहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।डीएम ने जनपदवासियों को बधाई देते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं अभियानों में जनता की सक्रिय सहभागिता ही विकास की वास्तविक पहचान है। बाँदा जनपद ने रिकॉर्ड स्तर पर सहभागिता दर्ज कर प्रदेश में अपनी अलग पहचान स्थापित की है। जिलाधिकारी ने अभियान से जुड़े सभी अधिकारियों,कर्मचारियों एवं आमजन का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार जनहितकारी कार्यों में सहयोग की अपील की है।