जनपद में दलहन उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा मिशन फॉर आत्मनिर्भरता इन पल्सेस के तहत चने की उन्नत प्रजाति आरवीजी-204 का क्लस्टर अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन कराया जा रहा है। इसके अंतर्गत जनपद के पांच गांवों में 50 हेक्टेयर क्षेत्रफल में चने की खेती का प्रदर्शन किया जाएगा। इसी क्रम में 3 नवंबर को ग्राम पचनेही एवं अछरौड़ के 45 किसानों को एक-एक एकड़ क्षेत्रफल में प्रदर्शन के लिए आरवीजी-204 प्रजाति का बीज उपलब्ध कराया गया। इस दौरान कृषि विज्ञान केंद्र की ओर से ‘चने की वैज्ञानिक खेती’ विषय पर कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। 95 से 105 दिनों में पककर तैयार होती है फसल
केंद्र की वैज्ञानिक डॉ. दीक्षा पटेल ने किसानों को बताया कि आरवीजी-204 प्रजाति को वर्ष 2017 में राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय, ग्वालियर द्वारा जारी किया गया था। यह प्रजाति मशीन से कटाई के लिए भी अनुशंसित है। इसकी औसत उत्पादकता 18 से 20 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है और फसल 95 से 105 दिनों में पककर तैयार हो जाती है। उन्होंने बताया कि यह प्रजाति उकठा रोग के प्रति अवरोधी है। इसका दाना बड़ा और भूरे रंग का होता है। चना दाल एवं बेसन बनाने के लिए भी इसे उपयुक्त माना जाता है। किसानों को उपलब्ध कराया गया उन्नत बीज
कार्यक्रम के अंत में किसानों को प्रदर्शन के लिए आरवीजी-204 प्रजाति का 32-32 किलोग्राम बीज उपलब्ध कराया गया। इस पहल का उद्देश्य किसानों को उन्नत बीज और वैज्ञानिक खेती की तकनीक से जोड़कर दलहन उत्पादन में वृद्धि करना है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में केंद्र के ई. अजीत कुमार निगम, कमल नारायण बाजपेयी एवं श्रीमती अंकिता निगम के साथ ग्राम पचनेही के शान्तिभूषण सिंह का विशेष योगदान रहा।