बिजली चेकिंग के बहाने घर मे घुसे नकाबपोश बदमाशों ने बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर लाखों के जेवरात व नगदी लूटकर फरार हो गए। खुलासे को लेकर एसपी ने अलग-अलग कई टीमें लगाई है।
जनपद के बदौसा थाना क्षेत्र के नांदन मऊ गांव निवासी अजय पाल चित्रकूट जनपद के एयरपोर्ट में एसएसएफ कांस्टेबल हैं। आरक्षी अपनी पत्नी प्रीति के साथ चित्रकूट जनपद के कर्वी में रहते हैं। मां रजुलिया देवी (65) गाँव में रहती है। शुक्रवार को दोपहर महिला घर में अकेली थीं। तभी मुंह बांधे बाइक से तीन युवक आये और बिजली के मीटर को देखते रहे। इस पर रजुलिया देवी ने पूछा तो उन्होंने खुद को बिजली कर्मी बताया। इसके बाद तीनों बदमाश वहां से वापस चले गए। कुछ ही देर बाद वह तीनों रजुलिया देवी के दोबारा घर पहुंचे। घर मे घुसने के बाद बदमाशों ने महिला के हाथ-पैर बांध दिए, मुंह में कपड़ा ठूस दिया। इसके बाद उन्होंने जेवरों के बारे में पूछा। जानकारी न देने पर जान से मारने की धमकी दी। तभी बदमाशों ने अलमारी का लॉकर व बक्से का ताला तोड़कर 20 हजार नकदी व महिला के गले का लॉकेट छीन लिया। कांस्टेबल की पत्नी के बेड के अंदर रखे करीब नौ लाख के सोने चांदी के जेवर लेकर दरवाजे की बाहर से कुंडी लगाकर फरार हो गए। बाद में महिला किसी तरह पैर खोलकर छत पर पहुंची। उनके शोर मचाने पर पड़ोसियों ने कुंडी खोली। जानकारी होने के बाद चित्रकूट से आए कांस्टेबल अजय पाल ने बदौसा थाने में तहरीर दी। साथ ही डायल 112 में काल किया। सूचना के मिलते ही पहुंच पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया महिला को भयभीत करके बदमाशों ने लूटपाट की है। एसपी ने बदमाशों को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमें लगाई है। एसपी ने कहा कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जायेगा।