बाँदा-बारिश से पहले पुलिया,रपटों का करायें निर्माण-अमित

SHARE:

बाढ़ स्टीयरिंग ग्रुप की बैठक में डीएम ने अधिकारियों को वर्षा से पूर्व पुल,पुलिया,रपटों के निर्माण कार्य पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बाढ़ से पूर्व तैयारियों की बाढ़ स्टीयरिंग ग्रुप की बैठक संपन्न हुई।
बैठक में निर्देश देते हुए डीएम अमित आसेरी ने कहा कि बाढ़ निरोधक कार्यों के क्षतिग्रस्त स्थल/तटबंध चेक किए जाएं। रात्रि में कर्मचारियों की ड्यूटी एवं जनरेटर की व्यवस्था की जाए।अधिशासी अभियंता सिंचाई प्रखंड तृतीय बांदा वर्षा से पूर्व बांधों के फाटकों को ठीक कराएं एवं तटबंधों की मरम्मत कराएं। इसके अलावा अधिशासी अभियंता केन नहर प्रखंड जल प्लावन के दृष्टिगत नहर पटरियों को ठीक करें एवं बाढ़ नियंत्रण कक्ष बनाएं। लोक निर्माण विभाग को डीएम अमित आसेरी ने निर्देशित किया कि जो सड़कें निर्माणाधीन हैं एवं जिन सड़कों में पूर्व में जल भराव हुआ है। उन पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए। वर्षा से पूर्व पुल,पुलिया,रपटों का निर्माण कार्य पूर्ण कराया जाए। नगर/ग्रामीण निकाय को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में खंड विकास अधिकारी एवं शहरी क्षेत्रों में अधिशासी अधिकारी नाले/नालियों की सफाई कराएं। समस्त अधिशासी अधिकारी वर्षाकाल से पूर्व कूड़े के ढेर हटवाएं एवं साफ-सफाई व्यवस्था करें। खंड विकास अधिकारी बाढ़ से पूर्व ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था व जल भराव वाले क्षेत्रों में नालियों का निर्माण कराएं। डीएम ने कहा कि उप जिलाधिकारी बाढ़ चौकियों को चिन्हित कर कार्य योजना बनाएं तथा समय से मैपिंग करें कि किन गांवों में बाढ़ की संभावना है। तहसील स्तर पर बैठकें कर नाविकों, मोटर बोट आदि की समुचित व्यवस्था की जाए। इसके अलावा तहसील, ब्लॉक एवं न्याय पंचायत स्तरों पर बाढ़ समितियों का गठन किया जाए। बाढ़ नियंत्रण कक्ष एवं प्रभारी दैवीय आपदा अधिकारी को बाढ़ चौकियों के सत्यापन की रिपोर्ट दी जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत लाइन ठीक की जाए, लूजिंग समाप्त की जाए। जल भराव वाले क्षेत्रों में तत्काल विद्युत काटी जाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करें एवं कीटनाशक छिड़काव कराएं। जिला कृषि अधिकारी वर्षा से पूर्व पर्याप्त भूसा एकत्र करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 कुमार धर्मेंद्र,अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment