यमुना नदी में नहाते समय सिपाही की डूबने से मौत हो गई। आसपास के लोगों ने देखा,तब सूचना पुलिस को दी। ग्रामीणों तथा गोताखोरो की मदद से पुलिस ने तलाश करते हुए शव को बरामद किया।कानपुर नगर के महराजपुर थाना क्षेत्र के सरसौल रामपुर गांव निवासी अनुराग सिंह भदौरिया (27) की पोस्टिंग जनपद के चिल्ला थाने में थी। सीओ सौरभ सिंह ने बताया कि रविवार की सुबह सिपाही बिना किसी को बताए यमुना नदी संगम नहाने चला गया। फतेहपुर के ललौली थाना क्षेत्र में चाय पकौड़ी की दुकान में बाइक खड़ी कर पहले नाश्ता किया उसके बाद वह पैदल दो किलोमीटर केन और यमुना के संगम स्थल पर नहाने पहुंचा। तभी नहाने के दौरान गहराई में जाने से सिपाही नदी में डूब गया। आसपास के लोगो ने देखा,तब सूचना पुलिस को दी। टीम के साथ थानाध्यक्ष आंनद साहू तत्काल पहुंचे। तत्काल सूचना अधिकारियों को दी गई। नाव से नदी में तलाश शुरू की गई। ग्रामीणों की मदद से जाल डाला गया। कई घण्टे बाद सिपाही को पानी से बाहर निकाला गया। तत्काल सिपाही को जिला अस्पताल लाया गया। जहां देखने के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सीओ सदर सौरभ सिंह ने बताया कि अनुराग सिंह वर्ष 2019 में पुलिस में भर्ती हुए थे। मौत के बाद महकमे में मातम से छाया हुआ है। घटना पर डीआईजी चित्रकूट धाम राजेश एस,एसपी पलाश बंसल,एएसपी शिवराज, सीओ सदर सौरभ सिंह आदि ने दुख जताया है।