बाँदा-1 अक्टूबर से शुरू होगा संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान

SHARE:

संचारी रोगों की रोकथाम और प्रभावी नियंत्रण के लिए 1 अक्टूबर से संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान शुरू होगा। अभियान को सफल बनाने के लिए नगरीय क्षेत्रों में सफाई, मच्छर नियंत्रण, जलभराव निस्तारण और जनजागरूकता सहित विभिन्न गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
21 सितंबर को जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में हुई जनपद स्तरीय अन्तर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक में अभियान की विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत और प्रभारी चिकित्सा अधिकारी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संयुक्त रूप से सफाई कर्मियों और संबंधित कर्मचारियों के साथ बैठक कर उन्हें अभियान की जिम्मेदारियों के प्रति संवेदित करें।
25 सितंबर को सभी नगर पालिकाओं तथा 26 सितंबर को सभी नगर पंचायतों में कर्मचारियों की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठकों की फोटो सहित आख्या मुख्य चिकित्सा अधिकारी को उपलब्ध कराई जाएगी। अभियान के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में मच्छर नियंत्रण गतिविधियां चलाने, लार्वा निरोधक दवा का छिड़काव और फॉगिंग कराने के साथ मच्छर जनित परिस्थितियां पैदा करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थानों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। कूड़ा उठाने वाले वाहनों के माध्यम से माइकिंग और मुहल्ला निगरानी समितियों व स्थानीय पार्षदों के सहयोग से जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने, पानी की बैक्टीरियोलॉजिकल जांच, इंडिया मार्क-2 हैंडपंप व प्लेटफार्म की मरम्मत, नालियों की सफाई, खुली नालियों को ढकने, जलभराव खत्म करने और झाड़ियों की कटाई पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। आबादी के बीच स्थित तालाबों को अपशिष्ट एवं प्रदूषण से मुक्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
लोगों को घरों और आसपास पानी जमा न होने देने, गमले, कूलर, बाल्टी, कबाड़, छत और नालियों में जमा पानी साफ करने तथा पानी की टंकियों को ढककर रखने के लिए जागरूक किया जाएगा। लार्वा साइड के प्रयोग, सुबह-शाम विशेष सावधानी बरतने, मच्छरदानी, खिड़कियों पर जाली और मच्छररोधी उत्पादों के इस्तेमाल के प्रति भी जागरूकता बढ़ाई जाएगी। शौचालयों के प्रयोग के लिए जागरूकता अभियान चलाकर नगरीय क्षेत्रों को खुले में शौच से मुक्त रखने, कटे-फटे फल और खुले में जूस की बिक्री पर रोक लगाने तथा रोगग्रस्त नागरिकों और स्कूली बच्चों को फुल आस्तीन के कपड़े पहनने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय/अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) माया शंकर ने बताया कि वेक्टर जनित रोगों से प्रभावित अति संवेदनशील ग्रामों की सूची संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराई गई है। सभी संबंधित अधिकारियों को अभियान के दौरान इन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
अभियान की प्रमुख प्राथमिकताएं
मच्छर नियंत्रण, फॉगिंग व लार्वा निरोधक दवा का छिड़काव, जलभराव की समस्या का निस्तारण, नालियों की सफाई, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, तालाबों की स्वच्छता, खुले में शौच की रोकथाम और जनजागरूकता अभियान पर विशेष जोर रहेगा।
कर्मचारियों की बैठक का कार्यक्रम
25 सितंबर को नगर पालिकाओं और 26 सितंबर को नगर पंचायतों में सफाई कर्मियों व संबंधित कर्मचारियों की बैठक होगी। बैठक के बाद फोटो सहित आख्या मुख्य चिकित्सा अधिकारी को उपलब्ध कराई जाएगी।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment