बाँदा-पीआरडी जवानों को मुख्यमंत्री योगी की बड़ी सौगात, भत्ता 500 से बढ़ाकर 600 रुपये

SHARE:

पीआरडी जवानों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। जवानों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने के साथ ही उनके दैनिक भत्ते में बढ़ोतरी की गई। अब पीआरडी जवानों को मिलने वाला भत्ता 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये कर दिया गया है।
मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में गोरखपुर के बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह, रामगढ़ताल में आयोजित पीआरडी जवानों के सम्मेलन का लाइव प्रसारण विकास भवन स्थित रानी दुर्गावती सभागार में किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अमित आसेरी, सदर विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ, अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडेय और जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी पुष्पेंद्र कुमार समेत जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों का बुके देकर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
पीआरडी जवानों को मिली तीन बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के पीआरडी जवानों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा की सौगात दी। इसके साथ ही लखनऊ में मल्टीस्टोरी बैरक के निर्माण के लिए शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों को मिलने वाले भत्ते को भी बढ़ाने की घोषणा की। भत्ता 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये किए जाने से जवानों में खुशी का माहौल रहा।
डीएम ने कहा- वर्दी में दिखना चाहिए अनुशासन
लाइव स्ट्रीमिंग कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी अमित आसेरी ने पीआरडी जवानों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जवान अपनी वर्दी इस तरह धारण करें कि प्रथम दृष्टया पीआरडी जवान और पुलिस के जवान में कोई अंतर दिखाई न दे। उन्होंने जवानों से अपनी महत्ता को कम न समझने की अपील की।
डीएम ने कहा कि पीआरडी जवान आमजन और पुलिस विभाग के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का काम करते हैं। इसलिए सभी जवान मजबूत इरादों और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने वर्दी में चुस्त-दुरुस्त रहकर ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
ग्रामीण क्षेत्रों में खेलकूद और सामाजिक गतिविधियों में दें योगदान
जिलाधिकारी अमित आसेरी ने कहा कि पीआरडी जवान क्षेत्रीय स्तर पर लोगों से जुड़े रहते हैं। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में खेलकूद को बढ़ावा देने के साथ-साथ अन्य सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय योगदान दिया जाना चाहिए। उन्होंने जवानों से अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने को कहा।
विधायक प्रतिनिधि और सीडीओ ने भी किया संबोधित
कार्यक्रम में सदर विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ और मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडेय ने भी पीआरडी जवानों को संबोधित किया। उन्होंने जवानों को विभागीय जिम्मेदारियों के साथ अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment