नव प्रशिक्षित आरक्षियों को शहर का भृमण कराकर पुलिस अधिकारियों ने व्यवहारिक जानकारियां दी। साथ ही उन्होंने आम लोगो से सही बर्ताव करने की दी नसीहत दी गई।
सोमवार को नवप्रशिक्षित पुरुष एवं महिला आरक्षियों के प्रशिक्षण उपरान्त जनपद बांदा आगमन पर उनके मनोबल को सुदृढ़ करने एवं जनसंपर्क को सशक्त बनाने के उद्देश्य से मिशन ‘आगाज़’ के तहत सहायक पुलिस अधीक्षक मेविस टॉक,सीओ सदर सौरभ सिंह के नेतृत्व में शहर क्षेत्र में भ्रमण/पैदल गश्त किया गया। जिसमें नवप्रशिक्षित आरक्षियों ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ प्रतिभाग किया। अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा नवप्रशिक्षित आरक्षियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निष्पक्ष,संवेदनशील एवं उत्तरदायी पुलिसिंग के सिद्धांतों का पालन करने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही उन्हें निर्देशित किया गया कि वह आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखते हुए “जनता के मित्र” की भूमिका में कार्य करें। भ्रमण/पेट्रोलिंग पुलिस लाइन बांदा से प्रारम्भ होकर महाराणा प्रताप चौक, कालूकुआं चौराहा,बाबूलाल चौराहा, महेश्वरी देवी चौराहा,रेलवे स्टेशन,बस स्टैण्ड कचहरी चौराहा होते हुए वापस पुलिस लाइन में समाप्त हुआ। शहर के प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों से होकर निकाला गया। जिससे आमजन में सुरक्षा का भाव उत्पन्न हुआ तथा पुलिस की सक्रिय एवं सतर्क उपस्थिति का प्रभावी संदेश प्रसारित हुआ। इस दौरान आमजन से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नव पुरुष / महिला आरक्षियों में कर्तव्यनिष्ठा,आत्मविश्वास एवं जनसेवा के प्रति समर्पण की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना रहा। इस दौरान शहर कोतवाल बलराम सिंह आदि मौजूद रहे।