बाँदा-सावन माह में शांति, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं पर प्रशासन का जोर

SHARE:

सावन माह को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था, सुरक्षा एवं नागरिक सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अमित आसेरी ने कहा कि जनपद की सामाजिक सौहार्द की परंपरा उसकी सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने सभी धर्मगुरुओं और सामाजिक संगठनों से आपसी भाईचारे एवं समन्वय के साथ सावन का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। जिलाधिकारी ने अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज को निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करें तथा अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी, ताकि आम नागरिकों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में कांवड़ यात्रा मार्गों की व्यवस्थाओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई। डीएम अमित आसेरी ने उप जिलाधिकारियों एवं लोक निर्माण विभाग को संयुक्त निरीक्षण कर दिशा-सूचक एवं सांकेतिक बोर्ड लगाने, विद्युत विभाग को झूलते तारों को तत्काल ठीक कराने तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रमुख मार्गों और चौराहों पर सुचारु यातायात व्यवस्था, मंदिरों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा कांवड़ मार्गों पर भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध सुनिश्चित करने को कहा। नगर पालिका को कांवड़ यात्रा मार्गों से निराश्रित गोवंश हटाने, खुले स्थानों पर मांस, मछली एवं मुर्गे की बिक्री रोकने तथा स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि निराश्रित गोवंश के कारण कोई दुर्घटना होती है तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध ढंग से कार्य करने, ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मोबाइल फोन हर समय सक्रिय रखने तथा प्रमुख धार्मिक स्थलों पर ड्यूटी सूची प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, समस्त उप जिलाधिकारी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु तथा शांति समिति एवं पीस कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई