बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से मृतका की लूटी गई नाक की कील भी बरामद की है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
गौरतलब हो कि 18 सितंबर को 70 वर्षीय किशोरी देवी पत्नी रामकृपाल यादव निवासी यादव का पुरवा, खमहौरा अपने खेत गई थीं। इसी दौरान धान के खेत में उनके साथ मारपीट की गई थी। गंभीर हालत में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। मामले में मृतका की बहू सरोज की तहरीर पर अतर्रा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में चलाए जा रहे गिरफ्तारी अभियान के तहत मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर अतर्रा पुलिस ने आरोपी ददुआ पुत्र शिवअवतार निवासी ग्राम अंश बल्लान को रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार किया। एएसपी डॉ शिवराज ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने लूट के इरादे से किशोरी देवी के साथ मारपीट कर उनकी नाक की कील छीनने की बात स्वीकार की। आरोपी के कब्जे से एक नाक की कील बरामद हुई। मामले में थाना अतर्रा में मुकदमा अपराध संख्या 351/2026 के तहत धारा 105, 309(6) और 317(2) बीएनएस में कार्रवाई की गई है।। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अतर्रा राकेश कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र प्रताप, हेड कांस्टेबल विमल मिश्रा और कांस्टेबल सतीश यादव शामिल रहे।