छोटे भाई के द्वारा लड़की भगा ले जाने के बाद युवती के परिजनों की धमकी से परेशान युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कमासिन थाना क्षेत्र के नारायनपुर गांव निवासी 30 वर्षीय अवधनरेश पुत्र रामकृपाल प्रजापति सोमवार की दोपहर घर से बिना बताए खेतो की तरफ चला। वहां पर लगे बबूल के पेड़ पर कपड़े की रस्सी से फांसी लगाकर खुदकुशी कर लिया। शाम को गाँव वालों ने शव फंदे पर लटकता देखा तो घरवालो को सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतार कर कब्जे में ले लिया। पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पत्नी ममता ने बताया कि अवधनरेश पांच भाईयो में बड़ा था। वह मजदूरी करता था। चार दिन अपने उसका छोटा भाई उदय प्रजापति एक युवती को भगा ले गया था। सोमवार को युवती का पिता घर आया और अवधनरेश को बुला कर कहा कि उसकी बेटी पचास हजार रूपए नगद चांदी के जेवरात ले गई है। उसे जेल भेजवाने की धमकी दी। उसे डर सताने लगा कि कही युवती का पिता उसे जेल न भिजवा दे। इसी से परेशान होकर उसने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। घटना के सबंध में कमासिन थानाध्यक्ष भास्कर मिश्रा का कहना है कि मृतक अवधनरेश का भाई एक युवती को भगा ले गया है। युवती के पिता ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। धमकी जैसी कोई बात सामने नही आई है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। कहा कि जल्द ही दोनों को बरामद किया जाएगा।