आगरा में जनसुनवाई के दौरान राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष के पास अपनी शिकायत लेकर पहुंची महिला अचानक गश खाकर गिर गई और वह बेहोश हो गई। तत्काल एम्बुलेंस की मदद से उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान के द्वारा सर्किट हाउस में चल रही जन सुनवाई के दौरान एक महिला बेहोश हो गई। बमरौली कटारा क्षेत्र की रहने वाली महिला ने 2023 में बोदला के रहने वाले पति और ससुरालियों पर गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। महिला सुनवाई नहीं होने से अवसाद में आकर वह तीन दिनों से खाना नहीं खा रही थी। महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान के सामने ही वह बेहोश हो गई। बबीता चौहान ने तत्काल उसे घोल पिलाया और 108 नंबर पर काल कर एंबुलेंस को बुलाया। बबीता चौहान आधे घंटे तक सर्किट हाउस के गेट पर इंतजार करती रहीं पर एंबुलेंस नहीं आई। इसके बाद एक साथ तीन एम्बुलेंस आ गईं। उन्होंने महिला को उसकी मां के साथ एम्बुलेंस में बिठाया और इलाज के लिए भिजवाया। जहाँ महिला का उपचार जारी है।