आगरा-आक्रोशित ग्रामीणों ने विधायक,मेयर,पार्षद की जीते जी कर दी तेरहवीं

SHARE:

समस्याओं से जूझ रहे ग्रामीणों ने विधायक,मेयर,पार्षद की जीते जी तेरहवीं कर दी। महिलाओं ने शोक मनाने के साथ युवकों ने सिर मुंडवाकर जनप्रतिनिधियों को अपने लिए ‘मृत समान’ बताया।
आगरा के जगदीशपुरा के भीमनगर में पानी, सीवर और सड़क की समस्या से जूझ रहे लोगों ने शिकायतों की सुनवाई न होने पर बृहस्पतिवार को अनोखे अंदाज में आक्रोश जताया। लोगों ने मेयर, विधायक और पार्षद की प्रतीकात्मक रूप से तेरहवीं की। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने रोकर जनप्रतिनिधियों के लिए शोक मनाया तो युवकों ने सिर मुंडवाए। जनप्रतिनिधियों की तस्वीरों पर तेरहवीं का भोग लगाया और उन्हें अपने लिए मृत समान घोषित कर दिया। 10 साल से सीवर, सड़क और पानी का संकट झेल रहे लोगों ने विशेष राठौर के नेतृत्व में भीमनगर के नगला बेर में सड़क किनारे पंडाल लगाकर जनप्रतिनिधियों की तेरहवीं की। मेयर हेमलता दिवाकर, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और पार्षद विमलेश प्रजापति व अमित पटेल की तस्वीर रखकर फूलों के हार चढ़ाए। महिलाओं ने जनप्रतिनिधियों के लिए रो-रोकर शोक मनाया। विशेष राठौर सहित अन्य लोगों ने सिर मुंडवाए। जनप्रतिनिधियों के चित्रों के आगे मालपुआ, पूड़ी-सब्जी व अन्य सामग्री का भोग लगाकर सामूहिक रूप से प्रार्थना की। पंडाल लगाकर किए गए आयोजन से लोगों को हकीकत में लगा कि किसी की मौत हो गई है। महिलाओं ने रो-रोकर शोक मनाया तो वहां से निकलने वाले भी रुक गए। सिर मुंडवाने वाले विशेष राठौर ने कहा कि 10 साल से नाला नहीं बना है। किनारे पर बने मकान गिरने की हालत में हैं। घरों में सीवर का गंदा पानी भर रहा है। घरों तक पीने का पानी नहीं पहुंच रहा है। मीना देवी ने कहा कि 30 से ज्यादा शिकायतें मेयर, पार्षद और नगर आयुक्त को दे चुके हैं लेकिन निदान नहीं निकला। चुनाव जीतने के बाद मेयर हेमलता दिवाकर कभी नहीं आईं। उन्हें तीन साल से नहीं देखा है, जबकि वह दो किमी. दूर आवास विकास में ही रहती हैं। जब सीवर, पानी जैसी समस्याएं दूर नहीं कर सकते तो ऐसे जनप्रतिनिधि हमारे लिए मृत समान हैं। उनकी तेरहवीं कर दी है। अब कोई उम्मीद नहीं रखेंगे।
मेयर का आरोप तेरहवीं करने वाला कांग्रेसी
मेयर हेमलता दिवाकर ने कहा कि भीमनगर में तेरहवीं करने वाला कांग्रेस का कार्यकर्ता और पार्षद का विरोधी है। उसने यह कुकृत्य किया है। वहां 70 लाख रुपये के कार्य पास किए जा चुके हैं। लंगड़े की चौकी में पार्षद किशन नायक की पीड़ा पर अधिकारियों से बात करूंगी। उनकी समस्या का समाधान कराया जाएगा।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई