पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल कराने और मतदाता सूची में त्रुटियों को दूर करने के लिए चलाए जा रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान का रविवार को आयुक्त ने जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एक बूथ पर बीएलओ अनुपस्थित मिलने पर नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारी को स्पष्टीकरण लेकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के विशेष अभियान दिवस पर आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार ने बांदा और तिंदवारी विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। बांदा विधानसभा क्षेत्र में आर्य कन्या इंटर कॉलेज और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में बने बूथों पर पहुंचकर बीएलओ की उपस्थिति तथा मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए प्राप्त फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की स्थिति देखी। आर्य कन्या इंटर कॉलेज के एक मतदेय स्थल पर बीएलओ कांती देवी अनुपस्थित मिलीं। इस पर आयुक्त ने तहसीलदार बांदा सदर को संबंधित बीएलओ से स्पष्टीकरण लेकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बांदा विधानसभा क्षेत्र के निरीक्षित मतदेय स्थलों पर कुल 69 फॉर्म-6, सात फॉर्म-7 और 16 फॉर्म-8 प्राप्त हुए। इसके बाद आयुक्त ने तिंदवारी विधानसभा क्षेत्र के कन्या पूर्व माध्यमिक कंपोजिट विद्यालय मुंगुस, खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय और कन्या पूर्व माध्यमिक कंपोजिट विद्यालय तिंदवारी में स्थापित मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। यहां कुल 20 फॉर्म-6 प्राप्त हुए। पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने पर जोर
आयुक्त अजीत कुमार ने अधिकारियों और बीएलओ को निर्देश दिए कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं, महिलाओं, दिव्यांगजनों और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे अन्य पात्र नागरिकों को अभियान से जोड़ा जाए। नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6, नाम विलोपन के लिए फॉर्म-7 तथा विवरण में संशोधन और स्थान परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 प्राप्त किए जाएं। सभी आवेदनों की नियमानुसार जांच कर समयबद्ध निस्तारण किया जाए। लापरवाही पर होगी कार्रवाई
आयुक्त अजीत कुमार ने स्पष्ट किया कि विशेष अभियान दिवस पर सभी बीएलओ अपने निर्धारित बूथों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और मतदाताओं को आवेदन प्रक्रिया में सहयोग दें। निर्वाचन संबंधी कार्यवाही निष्पक्षता, पारदर्शिता और निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।