बेटी के साथ हुई दरिंदगी की घटना ने पिता को इस कदर झकझोर दिया कि उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया। घर के दरवाजे पर स्थित जामुन के पेड़ से उनका शव लटका मिला। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
मामला प्रयागराज के फाफामऊ क्षेत्र के एक गांव का है। जानकारी के मुताबिक आठ वर्षीय बच्ची अपनी बुआ के घर नवाबगंज थाना क्षेत्र गई थी। वहां बकरी चराते समय वह श्रृंगारधाम स्थित निषादराज किले के पास पहुंच गई। आरोप है कि इस दौरान तीन युवकों ने बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद बच्ची ने बुआ के घर पहुंचकर आपबीती बताई। उसे उपचार के लिए स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया।
रविवार को बच्ची के परिजन घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने नवाबगंज थाने पहुंचे थे। इसी दौरान घर पर अकेले मौजूद बच्ची के 35 वर्षीय पिता जसवंत सरोज का शव घर के दरवाजे पर जामुन के पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई के मुताबिक बेटी के साथ हुई घटना की जानकारी मिलने के बाद से ही जसवंत मानसिक रूप से परेशान थे। उनके तीन बेटे और एक बेटी हैं।
तीन युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप
आठ वर्षीय बच्ची के साथ हुई घटना को लेकर परिजन नवाबगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराने पहुंचे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बच्ची का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। परिवार में पसरा मातम
पिता की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। एक ओर बेटी के साथ हुई गंभीर घटना और दूसरी ओर पिता की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।