गाजियाबाद में पति और बेटे को खाने में स्प्रे के जरिए धीमा जहर देने के आरोप में गिरफ्तार महिला के मामले में अब पुलिस लव एंगल की भी जांच कर रही है। जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला बबलू के अलावा एक अन्य युवक के भी संपर्क में थी। पुलिस दोनों युवकों से उसके संबंधों और कथित साजिश में उनकी भूमिका की पड़ताल कर रही है। इसके लिए व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम चैट और कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
इंदिरापुरम क्षेत्र की वसुंधरा कॉलोनी निवासी टूरिस्ट कारोबारी सुशील भटनागर ने 24 सितंबर को अपनी पत्नी रेणु भटनागर समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या की साजिश रचने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि पत्नी करीब एक साल से उनके खाने में स्प्रे के जरिए लेड मिलाकर दे रही थी। कारोबारी के मुताबिक, 21 अगस्त 2025 को रक्त की जांच में लेड की मात्रा काफी अधिक मिली थी। हालत गंभीर होने पर उन्हें अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा था।
आरोप है कि महिला की नजर करीब छह करोड़ रुपये के कारोबार और दो करोड़ रुपये की जीवन बीमा पॉलिसी पर थी, जिसमें वह नामिनी थी। कारोबारी के 16 वर्षीय बेटे और 21 वर्षीय भांजे की तबीयत भी खराब हुई थी। मेडिकल जांच में तीनों में लेड के प्रभाव की बात सामने आई। कारोबारी को शक तब हुआ जब बेटी ने मां को परिवार के अन्य सदस्यों के खाने में स्प्रे करते देखने की बात बताई। पुलिस ने महिला को 23 नवंबर को दिल्ली से गिरफ्तार किया था। अब जांच में उसके संपर्क में रहे बबलू और एक अन्य युवक की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। पुलिस कारोबारी के बेटे और भांजे का दोबारा मेडिकल परीक्षण कराने की भी तैयारी कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्हें किस हद तक जहरीले पदार्थ के संपर्क में लाया गया था। मामले में महिला के मायके पक्ष के लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है। दो युवकों से संपर्क की जांच, डिजिटल साक्ष्य खंगाल रही पुलिस
पुलिस व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम चैट के साथ कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच कर रही है। बबलू की तलाश भी जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कथित साजिश में अन्य लोगों की क्या भूमिका रही है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे बढ़ रही विवेचना
पुलिस के अनुसार, मेडिकल रिपोर्ट और डॉक्टरों के बयानों से कारोबारी के शरीर में लेड की अधिक मात्रा की पुष्टि हुई है। मामले में अन्य संभावित पीड़ितों की जांच और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई जारी है।