लखनऊ-यूपी में पंचायत चुनाव छह महीने और टले, ग्राम प्रधानों का बढ़ा कार्यकाल

SHARE:

उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। प्रदेश सरकार ने ग्राम पंचायतों के कार्यकाल को छह महीने और बढ़ा दिया है। इसके साथ ही मौजूदा ग्राम प्रधान प्रशासक के रूप में अगले छह महीने तक जिम्मेदारी संभालते रहेंगे। इस फैसले के बाद प्रदेश में पंचायत चुनाव अब छह महीने और आगे खिसक गए हैं।
सरकार के फैसले के अनुसार, प्रदेश की 57,694 ग्राम पंचायतों में मौजूदा व्यवस्था जारी रहेगी। ग्राम प्रधानों का प्रशासक के रूप में कार्यकाल 26 नवंबर को समाप्त हो रहा था, जिसे अब छह महीने का और विस्तार दिया गया है। इसके चलते पंचायत चुनाव मई-जून 2027 तक होने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में विधानसभा चुनाव के बाद ही पंचायत चुनाव कराए जाने के आसार हैं।
ओबीसी आरक्षण रिपोर्ट में देरी बनी बड़ी वजह
पंचायत चुनाव में देरी की प्रमुख वजह पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट और पंचायतों में ओबीसी आरक्षण की प्रक्रिया को माना जा रहा है। आयोग अभी प्रदेश के विभिन्न जिलों में पिछड़े वर्गों के सामाजिक और आर्थिक पिछड़ेपन का सर्वे कर रहा है। कई जिलों में सर्वे का काम पूरा होना बाकी है। इसी बीच सरकार ने समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग का कार्यकाल भी बढ़ा दिया है।
हाईकोर्ट के आदेश के बीच सरकार का अध्यादेश
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 14 अक्टूबर 2026 को प्रदेश सरकार और राज्य निर्वाचन आयोग को तीन महीने के भीतर पंचायत चुनाव संपन्न कराने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद सरकार ने पंचायतों में प्रशासनिक निरंतरता बनाए रखने के लिए उत्तर प्रदेश पंचायती राज संशोधन अध्यादेश-2026 को मंजूरी दी है। इसके माध्यम से पंचायतों में प्रशासकों का कार्यकाल छह महीने और बढ़ाने की व्यवस्था की गई है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई