खेल के मैदान में बांदा पुलिस की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 27वीं अंतरजनपदीय प्रयागराज जोन पुलिस क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में बांदा ने प्रतापगढ़ की टीम को हराकर प्रथम स्थान हासिल किया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अनुशासन और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
पुलिस लाइन बांदा में 23 नवंबर से आयोजित प्रतियोगिता का बुधवार 25 नवंबर को समापन हुआ। इसमें प्रयागराज जोन के आठ जनपदों बांदा, महोबा, चित्रकूट, हमीरपुर, फतेहपुर, प्रयागराज, कौशांबी और प्रतापगढ़ की टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बांदा और प्रतापगढ़ के बीच खेला गया, जिसमें बांदा की टीम विजेता रही, जबकि प्रतापगढ़ को उपविजेता घोषित किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर आरक्षी पवन कुशवाहा को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।
डीआईजी और एसपी ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित
समापन समारोह में पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र राजेश एस. और पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने विजेता टीम को पुरस्कृत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। अधिकारियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और कोच स्टाफ की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। खेल भावना और नियमित अभ्यास पर दिया जोर
पुलिस उपमहानिरीक्षक राजेश एस. ने कहा कि खेलों में केवल पुरस्कार जीतना ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि पूरे मनोयोग और खेल भावना के साथ प्रतिभाग करना अधिक महत्वपूर्ण है। निरंतर अभ्यास, कठिन परिश्रम और लगन से खिलाड़ी अपने प्रदर्शन में सुधार कर भविष्य में सफलता हासिल कर सकते हैं।
समापन समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह, क्षेत्राधिकारी बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी, प्रतिसार निरीक्षक बेलास यादव सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।