सड़क पर दो वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत में दो लोगों की जान चली गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल बाइक चालक ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बबेरू थाना क्षेत्र के सिमौनी गांव निवासी अंकित ने बताया कि उसके 45 वर्षीय पिता सुभेष यादव ई-रिक्शा चलाते थे। बुधवार दोपहर वह ई-रिक्शा में सवारियां लेकर तिंदवारी से सिमौनी जा रहे थे। जैसे ही उनका ई-रिक्शा सिंहपुर मोड़ के पास पहुंचा, तभी तिंदवारी की तरफ से आ रही बाइक से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा चालक सुभेष यादव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में ई-रिक्शा में सवार 50 वर्षीय लल्लू यादव और 28 वर्षीय कल्लो पत्नी नफीस घायल हो गईं। वहीं बाइक सवार तिंदवारी थाना क्षेत्र के मुंगुस गांव निवासी 28 वर्षीय चुन्नू पुत्र भगवानदीन और उसका 25 वर्षीय साथी अजय पुत्र चुनकवा भी गंभीर रूप से घायल हो गए। पूर्व प्रधान ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे की जानकारी मिलने पर बेंदा गांव के पूर्व प्रधान विवेक सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिंदवारी में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में परिजन घायलों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में बाइक सवार ने तोड़ा दम
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने बाइक सवार चुन्नू को मृत घोषित कर दिया। हादसे में दो लोगों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों का उपचार किया जा रहा है।