नाबालिग के साथ दुष्कर्म के छह साल पुराने मामले में न्यायालय ने दोषी को 20 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही 17 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है। पुलिस की प्रभावी विवेचना और अभियोजन की पैरवी के चलते ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत यह सजा दिलाई गई।
मामला कोतवाली देहात क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, छह फरवरी 2020 को ग्राम जारी निवासी राजेश पुत्र शिवदास ने एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया था। पीड़िता की ओर से मिली तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली देहात में मुकदमा संख्या 34/20 दर्ज किया गया था। इसमें भारतीय दंड संहिता की धारा 354(क), 452, 376, 323, 504, 506 और पॉक्सो अधिनियम की धारा 3/4 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। विवेचना के बाद न्यायालय पहुंचा था मामला
मामले की विवेचना तत्कालीन उपनिरीक्षक रमाकांत शुक्ला ने की थी। उन्होंने साक्ष्यों के आधार पर प्रभावी विवेचना पूरी कर आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया था। इसके बाद विशेष लोक अभियोजक शिवपूजन सिंह ने न्यायालय में प्रभावी पैरवी की। पुलिसकर्मियों के प्रयास से दिलाई गई सजा
न्यायालय में मुकदमे की पैरवी में कोर्ट मोहर्रिर महिला कांस्टेबल निरंजन कुमारी और पैरोकार कांस्टेबल देवीदयाल ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में ऑपरेशन कन्विक्शन और मिशन शक्ति अभियान के तहत चिह्नित इस मामले में अभियुक्त राजेश को 20 वर्ष के कारावास और कुल 17 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई।