बाँदा-फर्जी दोषमुक्त आदेश बनाकर पुलिस विभाग को गुमराह करता रहा मुख्य आरक्षी, प्रयागराज से गिरफ्तार

SHARE:

कानून की रखवाली करने वाले पुलिसकर्मी ने खुद को मुकदमे से बचाने के लिए न्यायालय के आदेश में ही कूटरचना कर डाली। अपने विरुद्ध दर्ज पुराने मुकदमे में दोषमुक्त होने का फर्जी आदेश तैयार कर पुलिस विभाग को सौंप दिया। जांच में आदेश कूटरचित पाए जाने के बाद उसके खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में फरार चल रहे मुख्य आरक्षी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, थाना नरैनी में वर्ष 2005 में मु0अ0सं0 21/05 के तहत तत्कालीन आरक्षी भाई लाल के विरुद्ध धारा 452, 323, 504, 506, 325, 295, 120बी भादवि और धारा 12(2) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया था। वर्तमान में भाई लाल मुख्य आरक्षी के पद पर तैनात था। विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपपत्र न्यायालय भेजा गया था। आरोप है कि खुद को दोषमुक्त दर्शाने के उद्देश्य से भाई लाल ने न्यायालय का फर्जी दोषमुक्ति आदेश तैयार कर पुलिस विभाग को उपलब्ध कराया। विभागीय जांच में आदेश पूरी तरह कूटरचित पाया गया। इसके बाद वर्ष 2025 में थाना नरैनी में उसके खिलाफ मु0अ0सं0 371/25 के तहत धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेज तैयार करने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
प्रयागराज से पुलिस ने दबोचा
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नरैनी पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने प्रयागराज के म्योर रोड से भाई लाल को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त भाई लाल पुत्र शिव निवासी राजपुर आमघाट, थाना कोतवाली देहात, जनपद मीरजापुर है।
दो मामलों में दर्ज हैं अभियोग
गिरफ्तार मुख्य आरक्षी के विरुद्ध थाना नरैनी में दो मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2005 का मूल मुकदमा और वर्ष 2025 में दर्ज कूटरचित दस्तावेज तैयार करने, धोखाधड़ी और उनका इस्तेमाल करने का मुकदमा शामिल है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार ओझा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अजीत कुमार, उपनिरीक्षक सौरव गौतम और कांस्टेबल अवधेश यादव शामिल रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई