पुलिस और एक दुकानदार के बीच दुकान हटाने को लेकर हुई तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दुकानदार ने पुलिसकर्मी पर रुपये मांगने और मांग पूरी नहीं होने पर आए दिन परेशान करने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिसकर्मी ने दुकान पर शराब पिलाए जाने की बात कहते हुए उसे हटाने की हिदायत दी। मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है।
मामला कानपुर के फूलबाग इलाके का है। यहां सैंडविच की दुकान लगाने वाले कार्तिक त्रिपाठी और फूलबाग चौकी प्रभारी विनोद जायसवाल के बीच सोमवार को विवाद हो गया। दुकान पर लोगों की भीड़ जुटने को लेकर चौकी प्रभारी ने दुकानदार से दुकान हटाने को कहा। इस पर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक होने लगी। वायरल वीडियो में चौकी प्रभारी दुकानदार को दुकान हटाने की हिदायत देते नजर आ रहे हैं। वहीं दुकानदार खुद को गरीब बताते हुए दुकान न हटाने की गुहार लगाता दिखाई दे रहा है। वह नगर निगम से दुकान लगाने को लेकर बातचीत होने की बात भी कहता है। इस दौरान दुकानदार पुलिसकर्मी के हाथ जोड़ता और पैर छूने की बात कहता भी नजर आ रहा है। रुपये मांगने का दुकानदार ने लगाया आरोप
कार्तिक त्रिपाठी का आरोप है कि चौकी प्रभारी उससे रुपये मांगते हैं और मांग पूरी नहीं होने पर रोज दुकान पर पहुंचकर परेशान करते हैं। दुकानदार का कहना है कि दुकान हटानी है तो पुलिस कार्रवाई कर सकती है, लेकिन वह खुद दुकान नहीं हटाएगा। दूसरी ओर चौकी प्रभारी का कहना है कि दुकान पर लोगों को शराब पिलाई जा रही थी, जिसके चलते उसे हटाने के लिए कहा गया। एसीपी ने दिए जांच के निर्देश
एसीपी कोतवाली अमित कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस गश्त के दौरान चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे थे। दुकान के पास देर रात तक लोगों की भीड़ लगी हुई थी। दुकानदार को देर रात तक दुकान नहीं खोलने के लिए कहा गया था। रुपये मांगने के आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।