एक पान मसाला कंपनी के दो अघोषित गोदामों पर राज्य कर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा ने छापेमारी की। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में पान मसाला, जर्दा और निर्माण में इस्तेमाल होने वाली पैकिंग सामग्री बरामद हुई। माल से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर विभाग ने 119 झाल माल सीज कर दिया।
कार्रवाई कानपुर के ट्रांसपोर्टनगर क्षेत्र के जाटनपुरवा में 21 नवंबर को की गई। राज्य कर विभाग के जोन-1 और जोन-2 की विशेष अनुसंधान शाखा को गोपनीय सूचना मिली थी कि एक पान मसाला कंपनी के दो अघोषित गोदाम संचालित किए जा रहे हैं। इनमें लाखों रुपये का पान मसाला, जर्दा और पैकिंग सामग्री रखी गई है। सूचना के आधार पर विभागीय टीम ने दोनों गोदामों में जांच अभियान चलाया। तलाशी के दौरान 119 झाल पान मसाला और जर्दा बरामद हुआ। इसके अलावा पान मसाला निर्माण में इस्तेमाल होने वाली भारी मात्रा में पैकिंग और अन्य सामग्री भी मिली। गोदाम संचालक बरामद माल के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच में बाधा डालने का प्रयास
कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों की मिलीभगत से जांच प्रभावित करने का प्रयास किया गया। स्थिति बिगड़ने पर ट्रांसपोर्टनगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने बिना दस्तावेज मिले माल को सीज कर दिया। नौ अधिकारियों की टीम ने की कार्रवाई
यह कार्रवाई एडीशनल कमिश्नर सान्या छाबड़ा और कुमार आनंद के निर्देशन तथा संयुक्त आयुक्त सुशील गौतम के मार्गदर्शन में की गई। टीम में उपायुक्त अभिषेक चतुर्वेदी, सहायक आयुक्त सुभाष पांडेय, राज्य कर अधिकारी रमेश तिवारी, पंकज रावत और रज्जन लाल समेत नौ अधिकारी शामिल रहे। विभाग की ओर से मामले में आगे की कार्यवाही की जा रही है।