बाँदा-मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन के लिए विशेष अभियान शुरू, 16 दिसंबर तक मिलेंगी आपत्तियां

SHARE:

निर्वाचक नामावलियों को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने और पहले से दर्ज विवरण में आवश्यक संशोधन कराने का अवसर दिया जा रहा है। अभियान के दौरान कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए, इसके लिए विशेष तिथियों पर बूथ स्तर पर भी अभियान चलाया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी अमित आसेरी के निर्देशानुसार जनपद की चारों विधानसभा क्षेत्रों 232-तिंदवारी, 233-बबेरू, 234-नरैनी (अजा) और 235-बांदा में 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक सभी मतदान केंद्रों और पदाभिहित स्थलों पर दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। भारत निर्वाचन आयोग ने 21 व 22 नवंबर तथा 28 व 29 नवंबर को विशेष अभियान की तिथियां निर्धारित की हैं। इन दिनों संबंधित बूथों पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और विवरण में संशोधन के लिए आवेदन किया जा सकता है।
मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए प्रारूप-6 तथा किसी प्रकार की त्रुटि में सुधार के लिए प्रारूप-8 भरकर संबंधित बीएलओ, पदाभिहित स्थल, मतदान केंद्र, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा तहसील कार्यालय में जमा किया जा सकता है। अभियान में विशेष रूप से अर्ह युवा, पहली बार मतदाता बनने वाले नागरिकों, छूटे हुए मतदाताओं, बेघर लोगों, दिव्यांगों और महिला मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में ईवीएम और वीवीपैट के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से 20 नवंबर को कलेक्ट्रेट परिसर में जिला स्तरीय ईवीएम-वीवीपैट प्रदर्शन केंद्र का शुभारंभ अपर जिलाधिकारी कुमार धर्मेंद्र ने किया। इसके साथ ही अतर्रा, पैलानी, नरैनी, बांदा और बबेरू तहसीलों में भी संबंधित उप जिलाधिकारियों एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की ओर से प्रदर्शन केंद्र शुरू किए गए हैं। ये केंद्र निर्वाचन अधिसूचना जारी होने की तिथि तक संचालित रहेंगे।
मतदाता सूची में नाम जांचने की सुविधा
मतदाता अपना नाम और विवरण भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in पर जाकर सर्च योर नेम इन वोटर लिस्ट विकल्प के माध्यम से देख सकते हैं। इसके अलावा https://ceouttarpradesh.nic.in और ईसीआईनेट मोबाइल ऐप से भी मतदाता सूची संबंधी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। जनपद की मतदाता सूची https://banda.nic.in/deo-portal पर भी उपलब्ध है।
हेल्प डेस्क और टोल फ्री नंबर की सुविधा
मतदाताओं की सहायता के लिए कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम-वीवीपैट प्रदर्शन केंद्र तथा जिला निर्वाचन कार्यालय में हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। इसके अलावा जिला निर्वाचन कार्यालय में जिला संपर्क केंद्र बनाया गया है, जो 17 नवंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक संचालित रहेगा। मतदाता किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से अपील की गई है कि 21 और 22 नवंबर को विशेष अभियान के दौरान पात्र एवं छूटे हुए मतदाता संबंधित मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराएं।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई