कानपुर-रूस में फंसे युवक की सलामती के बदले मांगे चार लाख, रकम न देने पर सिर काटकर भेजने की धमकी

SHARE:

बेहतर भविष्य और अच्छी कमाई का सपना लेकर विदेश गया युवक अचानक लापता हो गया। कई दिनों तक संपर्क नहीं होने के बाद परिवार को टेलीग्राम के जरिए धमकी मिलने लगी। युवक की सलामती के बदले चार लाख रुपये की मांग की जा रही है। रकम नहीं देने पर उसे युद्ध में भेजने और सिर काटकर परिवार के पास भेजने की धमकी दी गई है। बेटे की सुरक्षा को लेकर मां और परिजन बेहद परेशान हैं।
मामला कानपुर के पनकी क्षेत्र की रतनपुर कॉलोनी का है। यहां के निवासी सोहन पाल (28) बाइक धुलाई सेंटर चलाते थे। उनकी दुकान पर आने वाले तीन युवकों ने उन्हें रूस में कार चालक की नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। इनमें से एक युवक खुद को पुलिस कांस्टेबल बताता था। अच्छी तनख्वाह का भरोसा मिलने पर सोहन विदेश जाने के लिए तैयार हो गए।
11 अक्टूबर को रूस के लिए रवाना हुआ था युवक
परिजनों के मुताबिक, 11 अक्टूबर को तीनों युवक सोहन को लखनऊ एयरपोर्ट छोड़ने गए थे। वहां से वह दिल्ली पहुंचे और फिर विमान से रूस की राजधानी मॉस्को चले गए। 15 अक्टूबर को सोहन ने यूनला से फोन कर परिवार को अपने पहुंचने की जानकारी दी थी। इसके बाद चार नवंबर तक उनकी घरवालों से वीडियो कॉल और फोन पर बातचीत होती रही। इस दौरान उन्होंने किसी परेशानी की जानकारी नहीं दी थी।
परिवार के मुताबिक, रूस पहुंचने के दौरान सोहन ने 46 हजार रुपये एक युवक के बैंक खाते में भेजे थे। बाद में यह रकम उनके बड़े भाई ओमजीत के खाते में स्थानांतरित की गई। चार नवंबर के बाद अचानक सोहन का मोबाइल बंद हो गया। परिवार ने कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई बात नहीं हो सकी।
टेलीग्राम पर चार लाख की मांग, सिर काटने की धमकी
सोहन को रूस भेजने वाले तीनों युवकों से परिजनों ने जानकारी मांगी तो आरोप है कि वे टालमटोल करने लगे। इसके बाद युवकों के बताए अनुसार सोहन के भाई के दोस्त ने टेलीग्राम पर सातोशी नाम के खाते से संपर्क किया। आरोप है कि वहां से सोहन की सलामती के बदले चार लाख रुपये मांगे गए। रकम नहीं देने पर उसे युद्ध में भेजने या उसका सिर काटकर परिवार को भेजने की धमकी दी गई।
बेटे की तस्वीर लेकर अधिकारियों के चक्कर लगा रही मां
सोहन की मां हंसमुखी पाल बेटे की सुरक्षित वापसी के लिए लगातार अधिकारियों से गुहार लगा रही हैं। परिजनों का कहना है कि पुलिस चौकी से लेकर जिलाधिकारी कार्यालय तक शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक सोहन के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है। परिवार ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी के मुताबिक, परिजनों से संपर्क कर पूरे मामले की जांच की जा रही है। परिवार का आरोप है कि सोहन को रूस भेजने वाले युवकों को उसके मौजूदा हालात की जानकारी है, लेकिन वे कुछ बता नहीं रहे हैं। परिजन बेटे की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई