फतेहपुर-जुआरियों से मिलीभगत और विवेचना में लापरवाही पर आठ पुलिसकर्मी निलंबित

SHARE:

पुलिस विभाग में लापरवाही और अनियमितताओं के मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस अधीक्षक ने आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। कार्रवाई में चौकी प्रभारी से लेकर सिपाही तक शामिल हैं। इसके अलावा एक अनुचर को भी निलंबित किया गया है।
सदर कोतवाली की हरिहरगंज चौकी प्रभारी योगेंद्र सिंह को विवेचना में लापरवाही और आरोपी की गिरफ्तारी न कर पाने के मामले में निलंबित किया गया है। सदर कोतवाली क्षेत्र के कलक्टरगंज में दो पक्षों के बीच धोखाधड़ी के आरोप में एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामले की विवेचना योगेंद्र सिंह कर रहे थे।
एक पक्ष ने कार्रवाई न होने की शिकायत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी से की थी। इसके बाद दूसरे पक्ष के आरोपी को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया गया, लेकिन गिरफ्तारी में नाकाम रहने पर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने चौकी प्रभारी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की। वहीं गाजीपुर थाना क्षेत्र में जुआखाना संचालित करने वाले एक व्यक्ति का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में जुआ संचालक ने पुलिसकर्मियों से मिलीभगत और सेटिंग होने की बात कही थी। मामला पुलिस अधीक्षक तक पहुंचने के बाद जांच कराई गई और गाजीपुर थाने में तैनात छह सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया।
जुआ संचालक के वीडियो से खुला मामला
गाजीपुर थाने में तैनात दीपक यादव, अनिल यादव, स्वतंत्र मौर्य, अनुज कुमार सिंह, अजय यादव और महेश साहनी को निलंबित किया गया है। जुआ संचालक के वायरल वीडियो में पुलिसकर्मियों से मिलीभगत का आरोप लगाया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई की।
धाता थाने के सिपाही पर भी कार्रवाई
धाता थाने में तैनात सिपाही नित्यानंद यादव को भी निलंबित किया गया है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने विभिन्न मामलों में लापरवाही और अनियमितताओं के आरोपों पर कार्रवाई की है। इसके अलावा एक अनुचर को भी निलंबित किया गया है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई