समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की रथ यात्रा के दौरान जेसीबी की टक्कर से छात्र की मौत के मामले में पुलिस ने पांच सपा नेताओं समेत 66 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मृतक के पिता की शिकायत पर जेसीबी के अज्ञात चालक, आयोजन समिति के पांच नामजद पदाधिकारियों और 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। बहन को लेने जा रहा था छात्र
आवास विकास कॉलोनी, कूनराघाट (झारखंडी) निवासी ओंकार सिंह का 14 वर्षीय बेटा आर्यवर्धन सिंह केंद्रीय विद्यालय नंदानगर में कक्षा 10 का छात्र था। उसके पिता भाजपा के चुनाव आयोग संपर्क विभाग के जिला सह-संयोजक हैं। बुधवार 18 नवंबर को दोपहर करीब दो से ढाई बजे के बीच आर्यवर्धन अपनी बहन समृद्धि को लेने के लिए महादेव झारखंडी गेट के पास मुख्य मार्ग की ओर जा रहा था। इसी दौरान समाजवादी पार्टी की रथ यात्रा में शामिल जेसीबी ने उसे टक्कर मार दी। परिजनों का आरोप है कि जेसीबी तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही थी। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग चालक को पकड़ने के लिए दौड़े, लेकिन आयोजन समिति से जुड़े लोग घायल किशोर को मौके पर छोड़कर भाग गए। इसके बाद अनुपम सिंह और अन्य राहगीरों की मदद से आर्यवर्धन को एम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जाम के बाद पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
बेटे की मौत से आक्रोशित परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए झारखंडी मोड़ पर गोरखपुर-देवरिया मार्ग जाम कर धरना शुरू कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर करीब तीन किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। सूचना पर जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाकर शांत कराया।
मृतक के पिता ओंकार सिंह की लिखित शिकायत पर एम्स थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार 19 नवंबर को तड़के करीब 2:30 बजे प्राथमिकी दर्ज की। भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106(1) के तहत दर्ज मुकदमे में जेसीबी के अज्ञात चालक के अलावा आयोजन समिति से जुड़े साधू यादव उर्फ साधु भइया, मनोज यादव, मृत्युंजय यादव उर्फ विट्टू, योगेश यादव और चंद्र प्रकाश को नामजद किया गया है। इसके साथ ही 50 से 60 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक मोनू कुमार को सौंपी गई है। प्रशासन ने दिया कार्रवाई का दिया आश्वासन
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने मामले में नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने की बात कही है। उन्होंने झारखंडी गेट के पास स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग पर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की बात कही। जांच के आधार पर होगी कार्रवाई
पुलिस ने दर्ज मुकदमे की जांच शुरू कर दी है। जेसीबी चालक और आयोजन समिति से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।