जनपद में विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मंगलवार को मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन कर दिया गया। जिले में कुल 1537 मतदेय स्थलों पर प्रकाशित सूची में 12 लाख 40 हजार 375 मतदाता दर्ज हैं। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक का समय निर्धारित किया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में मंगलवार सुबह 10 बजे मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राजकीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग की ओर से अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर जारी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी अमित आसेरी ने बताया कि 17 नवंबर को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन किया गया है। दावे और आपत्तियां 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक प्राप्त की जाएंगी। इसके लिए विशेष अभियान की तिथियां 21 व 22 नवंबर तथा 28 व 29 नवंबर निर्धारित की गई हैं। दावे और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।
विधानसभा वार मतदाताओं की स्थिति
आलेख्य प्रकाशन के समय जनपद में कुल 12,40,375 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इनमें तिंदवारी विधानसभा क्षेत्र में 3,12,416, बबेरू में 3,18,433, नरैनी सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र में 3,25,368 तथा बांदा विधानसभा क्षेत्र में 2,84,158 मतदाता शामिल हैं। राजनीतिक दलों से बीएलए नियुक्त करने की अपील
बैठक में बताया गया कि मतदाता सूची की एक-एक हार्ड कॉपी प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए तथा सॉफ्ट कॉपी राजनीतिक दलों को निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से पुनरीक्षण अवधि में बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने की अपील की। उन्होंने बीएलए की बूथवार सूची हस्ताक्षर सहित संबंधित उप जिलाधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय और जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान विधानसभा स्तर और जिला स्तर पर साप्ताहिक बैठकें भी आयोजित की जाएंगी। बैठक में सभी राजनीतिक दलों से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाने और अधिक से अधिक सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया गया। बैठक में अपर जिलाधिकारी कुमार धर्मेंद्र भी मौजूद रहे।